India और Denmark के बीच 5 साल की कार्ययोजना तय, 5 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

भारत और डेनमार्क ने शनिवार को अपने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रूप से विस्तारित करने के लिए पांच साल की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया तथा विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने समकक्ष लार्स लोक्के रासमुसेन के साथ विस्तृत बातचीत की, जिसमें रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, अंतरिक्ष क्षेत्र और लोगों की आवाजाही में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया गया। दोनों पक्षों ने वित्तीय सेवाओं, शिक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और प्रगाढ़ करने के लिए पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसका व्यापक उद्देश्य वैश्विक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के प्रभाव को कम करने के लिए मिलकर काम करना है।

जयशंकर और रासमुसेन के बीच बातचीत, डेनमार्क के विदेश मंत्री के बेंगलुरु का दौरा पूरा करके नयी दिल्ली पहुंचने के कुछ घंटों बाद हुई। यूरोप में डेनमार्क, भारत का एक प्रमुख साझेदार देश है। 2020 में दोनों देशों के बीच संबंधों को हरित रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने के बाद, व्यापार और निवेश, हरित प्रौद्योगिकी तथा अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्रों में इनके रिश्तों में काफी मजबूती आई है।

रासमुसेन ने कहा, ‘‘भारत एक बड़ी शक्ति है, जिसका उभरना हम आने वाले वर्षों में आर्थिक और भू-राजनीतिक, दोनों ही मोर्चों पर देखेंगे। ऐसी दुनिया में जहां अंतरराष्ट्रीय नियम दबाव में हैं, डेनमार्क और यूरोप को भारत की ओर हाथ बढ़ाना चाहिए और उसके साथ एक मजबूत साझेदारी बनानी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हरित रणनीतिक साझेदारी की स्थापना के बाद से हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग में काफी प्रगति की है।’’ डेनिश पक्ष के एक वक्तव्य के अनुसार, ‘‘मैं यहां उस सहयोग को और मजबूत करने और उसका विस्तार करने आया हूं। मुझे इस बात की विशेष खुशी है कि हम आज आने वाले वर्षों के लिए एक उन्नत और व्यापक साझेदारी हेतु एक नयी संयुक्त कार्य योजना पर सहमत हुए हैं।’’ इसमें कहा गया है कि रासमुसेन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से भी मुलाकात करेंगे तथा रणनीतिक साझेदारी को नये रणनीतिक क्षेत्रों तक बढ़ाने पर चर्चा करेंगे, साथ ही आपसी चिंता के वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की पांचवीं बैठक में हुई बातचीत के दौरान, दोनों विदेश मंत्रियों ने हरित रणनीतिक साझेदारी के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा की। जयशंकर ने कहा कि इससे दोनों देशों के संबंधों को एक बहुत ही विशिष्ट स्वरूप मिला है। बेंगलुरु में, रासमुसेन ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड का दौरा किया, जहां ध्रुव हेलीकॉप्टर और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर में डेनिश कंपनी एचबीके के पुर्जों का इस्तेमाल किया जाता है।

उन्होंने तेजस लड़ाकू विमान के अनुसंधान और विकास केंद्र का भी दौरा किया। डेनिश मंत्री ने इसरो के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। बेंगलुरु में रासमुसेन ने कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियंक खरगे से भी मुलाकात की।

प्रमुख खबरें

Uddhav Thackeray भ्रमित रुख छोड़ें, Delimitation Bill का करें समर्थन: संजय शिरसाट

म्यूचुअल फंड में एक्सपेंस रेशियो क्या होता है? जानें कैसे आपके रिटर्न को प्रभावित करता है

Christchurch Test में Jacob Duffy ने की जोरदार वापसी, 21 रन पर चटकाए 2 विकेट

नहीं लिया PNG कनेक्शन तो क्या LPG गैस सिलिंडर मिलना भी हो जाएगा बंद? यहां जानें नियम