By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को परिसीमन विधेयक का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के रुख को भ्रमित करने वाला बताया और दावा किया कि इस विधेयक से सभी को लाभ होगा। छत्रपति संभाजीनगर में संवाददाताओं से बातचीत में शिवसेना नेता ने कहा कि इस विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है।
विधेयक में सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। शिरसाट ने दावा किया, संभवतः परिसीमन विधेयक कुछ दिनों में संसद में पेश किया जाएगा, क्योंकि मंत्रिमंडल ने इसे मंजूरी दे दी है। इसकी तैयारी के तहत सहयोगी दलों से मुलाकात और बातचीत की प्रक्रिया जारी है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले को भी इसकी जानकारी दी गई है।उन्होंने इस पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और व्हिप भी जारी कर दिया है। यह विधेयक पारित होगा, क्योंकि इससे सभी को लाभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने न तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन किया है और न ही सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हुई है।
उन्होंने कहा, अगर वे विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वे गठबंधन का हिस्सा हैं। शिवसेना (उबाठा) पर निशाना साधते हुए शिरसाट ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उद्धव ठाकरे की नीति भ्रमित करने वाली रही है। उन्होंने कहा, हर किसी की अपनी राय होती है और वे (शरद पवार की) आलोचना कर सकते हैं।
अगर हम पिछले कुछ दिनों में उद्धव ठाकरे के रुख को देखें, तो वह भ्रमित करने वाला रहा है। उन्हें परिसीमन विधेयक का समर्थन करना चाहिए। राजग या शरद पवार का विरोध करने के कारण वे अलग-थलग पड़ गए हैं।
शिरसाट ने कहा कि ऐसा लगता है कि शरद पवार अब विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के साथ नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार की भी आलोचना की, जिन्होंने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के राकांपा (शरदचंद्र पवार) के कदम को विश्वासघात बताया था। शिरसाट ने कहा, अगर वडेट्टीवार राकांपा (शरदचंद्र पवार) के इस कदम को विश्वासघात बता रहे हैं, तो उन्होंने 2019 में उनके साथ सत्ता साझा करते समय इस बारे में क्यों नहीं सोचा?
यह दोहरा मापदंड है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन के एक नए विधेयक को मंजूरी दी थी। इसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि करने और सदन की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है।