By अभिनय आकाश | Dec 12, 2024
सीरिया में जारी उठापटक के बीच भारतीयों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बशर अल असद की सरकार के खिलाफ तख्तापलट के बाद भारत ने अपने 75 नागरिकों को सकुशल वतन वापस बुला लिया है। भारत ने सीरिया में विद्रोहियों द्वारा बशर अल असद की सरकार को सत्ता से हटाए जाने के दो दिन बाद 75 भारतीय नागरिकों को बाहर निकाल है। सीरिया से घर लौटने वाले 75 भारतीय नागरिकों में से पहले गाजियाबाद निवासी ने दमिश्क की भयावह स्थिति के बारे में बताया और मदद के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया। रवि भूषण ने एएनआई को भारतीय दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को घर वापस लाने में मदद के लिए किए गए प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और हम पहली टीम हैं जिसने सीरिया से बचाया। सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने हर किसी से संपर्क किया। वे उन्हें प्रेरित भी कर रहे थे और उनसे पूछ रहे थे कि क्या वे ठीक हैं।
हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के नेतृत्व में सीरियाई विद्रोहियों ने 27 नवंबर को देश में अचानक हमला शुरू कर दिया और बाद में सीरिया से राष्ट्रपति बशर अल-असद को हटाकर दमिश्क पर कब्ज़ा कर लिया। भूषण ने सीरिया की वर्तमान स्थिति को सबसे खराब बताया।