Auckland Football Match: न्यूजीलैंड ने भारत को मैत्री मुकाबले में 5-0 से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम को नवंबर फीफा विंडो के अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड से 0-5 से करारी हार का सामना करना पड़ा। अब दोनों टीमें रविवार को क्राइस्टचर्च में एक बार फिर आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम का यह न्यूजीलैंड की धरती पर पहला मुकाबला था।

इसमें जेसी रैंडल ने दो गोल दागे जबकि क्रिस वुड और लाचलान बेलिस ने भी गोल किए। वहीं बिजॉय वर्गीज के आत्मघाती गोल से न्यूजीलैंड का खाता खुला। पिछले साल जून के बाद पहली बार राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे भारतीय गोलकीपर विशाल कैथ ने कई शानदार बचाव किए।

उन्होंने दूसरे हाफ में पेनल्टी भी रोकी, वर्ना भारत की हार का अंतर और ज्यादा हो सकता था। वहीं 2018 के बाद पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे अनिरुद्ध थापा ने मिडफील्ड में टीम की कमान संभाली। न्यूजीलैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया।

भारत के 28 वर्षीय कप्तान ने बाईं ओर से रैंडल को रोकने की कोशिश की, लेकिन पांचवें मिनट में मेजबान टीम ने बढ़त बना ली। कुछ ही देर बाद कैथ ने मैथ्यू गारबेट के शॉट को रोक दिया। रयान विलियम्स और विंगर लिस्टन कोलाको तथा जितिन एमएस ने कुछ अच्छे पास किए जिससे भारतीय टीम ने धीरे-धीरे लय बनानी शुरू की और 19वें मिनट में उसे गोल करने का अच्छा मौका मिला।

लेकिन कैलन इलियट ने समय रहते भारत का मौका छीन लिया। न्यूजीलैंड की टीम लगातार मैच की गति पर नियंत्रण बनाती दिखी। हालांकि कैथ ने 25वें मिनट में एक हेडर पर शानदार डाइव लगाकर बचाव किया।

कुछ ही देर बाद उन्होंने रैंडल को गोल करने से रोक लिया। रैंडल ने 34वें और 43वें मिनट में दो गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ से पहले भारतीय कोच खालिद जमील ने पांच बदलाव किए।

उन्होंने जय गुप्ता, लालरिनलियाना हनामते, मेहताब सिंह, रिकी मीतेई हाओबाम और मोहम्मद सुहैल को मैदान पर उतारा। इनमें रिकी मीतेई हाओबाम और मोहम्मद सुहैल ने अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। दूसरे हाफ की शुरुआत में कोलाको ने फ्री-किक के जरिए न्यूजीलैंड के गोलकीपर एलेक्स पॉलसन की परीक्षा ली, लेकिन इसके बाद भी न्यूजीलैंड का आक्रमण हावी रहा।

क्रिस वुड ने 57वें मिनट में हेडर के जरिए गोल दागकर न्यूजीलैंड की बढ़त 4-0 कर दी। इसके बाद 74वें मिनट में लचलन बेलिस ने शानदार वॉली लगाकर पांचवां गोल कर दिया। तीस साल के कैथ ने 78वें मिनट में शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने डाइव लगाकर बिल तुइलोमा की पेनल्टी को रोक दिया और तुरंत उठकर रिबाउंड पर आए शॉट को भी बचा लिया। मैच के अंतिम चरण में कोच ने स्ट्राइकर डेविड लालहलांसांगा और मिडफील्डर टोम्बा सिंह हाओबाम को भी अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका दिया। 88वें मिनट में टोम्बा सिंह हाओबाम ने लंबी दूरी से गोल करने की कोशिश की, लेकिन न्यूजीलैंड के गोलकीपर पॉलसन ने आसानी से गेंद को अपने कब्जे में ले लिया।

प्रमुख खबरें

पैसे भेजने के लिए बैंक अकाउंट जरूरी नहीं? RBI के नए मनी ट्रांसफर नियम समझें

Runway से फिसलकर जमीन पर झुका Training Aircraft, Solapur में सुरक्षित बचीं महिला पायलट

दीवाली मिलन में पीएम मोदी का बड़ा संदेश: बोले- 2047 का इंतजार मत कीजिए, छोटे-छोटे संकल्पों से ही हासिल होगा विकसित भारत का लक्ष्य

शांतिपूर्ण विरोध पर Bombay High Court की टिप्पणी, केस दर्ज कर आवाज दबाना लोकतंत्र के लिए दुखद