By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह, सात अगस्त को समाप्त सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर रहा था।
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में इन विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है। आरबीआई और सरकार ने पिछले महीने देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए कई उपाय शुरू किए थे, जिनमें विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा से जुड़े उपाय भी शामिल है।
देश को 13 अगस्त तक रियायती मुद्रा अदला-बदली के तहत 56.85 अरब डॉलर प्राप्त हो चुके हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर हो गया। शीर्ष बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) पांच करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गया।
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार पांच करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर रहा।