बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत का प्रदर्शन बेहद खराब, ऑस्ट्रेलिया में अबतक नहीं मिली जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 21, 2018

नयी दिल्ली। पर्थ में दूसरा टेस्ट मैच जीतकर वापसी के लिये बेताब भारतीय क्रिकेट टीम 26 दिसंबर से मेलबर्न में शुरू होने वाले तीसरे मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार बाक्सिंग डे टेस्ट मैच जीतकर श्रृंखला में फिर से बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम ने अब तक बाक्सिंग डे यानि 26 दिसंबर से शुरू होने वाले 14 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें से उसे केवल एक मैच में जीत मिली है और वह भी आस्ट्रेलिया में नहीं बल्कि सुदूर दक्षिण अफ्रीका में। भारत के लिये बाक्सिंग डे मैचों के परिणाम उत्साहजनक नहीं रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: कोहली के बचाव में उतरे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डेरेन लीमैन

मेलबर्न में इससे पहले भारत ने पांच मैच खेले थे जिनमें से दो में उसने जीत दर्ज की थी जबकि तीन में उसे हार मिली थी लेकिन जब से इस ऐतिहासिक मैदान पर बाक्सिंग डे टेस्ट मैच शुरू हुए तब से भारत वहां जीत दर्ज नहीं कर पाया। भारत ने 1991, 1999, 2003, 2007 और 2011 में मेलबर्न में लगातार पांच टेस्ट मैच गंवाये। उसने मेलबर्न में आखिरी बाक्सिंग डे मैच 2014 में खेला था जो ड्रा रहा था। यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी टेस्ट मैच था और इसके बाद उन्हें क्रिकेट के लंबे प्रारूप से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।

आस्ट्रेलिया से इतर अगर 26 दिसंबर से शुरू होने वाले टेस्ट मैचों की बात करें तो भारत ने दक्षिण अफ्रीका में भी पांच बाक्सिंग डे टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से चार में उसे हार मिली और एक में जीत। इन मैचों में से पहला मैच 1992 में पोर्ट एलिजाबेथ में खेला गया था लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में बाक्सिंग डे मैच डरबन में खेले जाने लगे। भारत ने 2010 में डरबन में दक्षिण अफ्रीका को 87 रन से हराया था। इस मैच की दूसरी पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने 96 रन की जबर्दस्त पारी खेली थी जिससे भारत पहली बार बाक्सिंग डे टेस्ट मैच जीतने में सफल रहा था, लेकिन पिछले आठ वर्षों से भारत यह कारनामा नहीं दोहरा पाया है।

इसे भी पढ़ें: कस्टर्न को पीछे छोड़कर भारतीय महिला टीम के कोच बने रमन

भारत ने 1998 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बाक्सिंग डे टेस्ट मैच खेला था। न्यूजीलैंड में बाक्सिंग डे टेस्ट की मेजबानी वेलिंगटन करता है। भारत यह मैच चार विकेट से हार गया था। इसके अलावा भारत ने अपनी सरजमीं पर भी एक मैच ऐसा खेला है जो 26 दिसंबर से शुरू हुआ था। यह मैच 1987 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में खेला गया था जो अनिर्णीत समाप्त हुआ था। 

प्रमुख खबरें

Asian Games में MMA पदक विजेता Suchika Tariyal ने सेमीफाइनल के फैसले पर उठाए सवाल

Supreme Court ने GST अधिकारियों को वकील के जब्त डेटा का विश्लेषण 28 सितंबर तक रोकने का दिया निर्देश

Aishwary Tomar, Niraj Kumar और Rudrankksh Patil की भारतीय Shooting Team ने जीता Silver

मणिपुर में फिर 6 महीने AFSPA, नागालैंड के 9 जिले अशांत क्षेत्र घोषित, MHA ने जारी की अधिसूचना