By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 07, 2021
न्यूयॉर्क। फोर्ब्स पत्रिका की ताजा सर्वे रपट के मुताबिक दुनिया में अमेरिका और चीन के बाद सबसे अधिक अरबपति भारत में हैं, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने चीनी कारोबारी जैक मा को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान फिर हासिल कर लिया है। फोर्ब्स की दुनिया के अरबपतियों की 35वीं वार्षिक सूची में अमेजन के सीईओ और संस्थापक जेफ बेजोस लगातार चौथे साल शीर्ष पर हैं। फोर्ब्स ने कहा कि बेजोस की शुद्ध संपत्ति 177 अरब अमरीकी डॉलर है, जो एक साल पहले 64 अरब अमरीकी डॉलर थी।
भारत के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी 50.5 अरब अमरीकी डालर की संपत्ति के साथ अरबपतियों की वैश्विक सूची में 24वें स्थान पर हैं। पूनावाला समूह के चेयरमैन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के संस्थापक साइरस पूनावाला वैश्विक सूची में 169वें स्थान पर और भारतीय अरबपतियों की सूची में सातवें स्थान पर हैं। एचसीएल टेक्नालॉजीज के संस्थापक शिव नाडर, भारत के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं और विश्व स्तर पर उनका 71वां स्थान हैं। उनकी कुल संपत्ति 23.5 अरब अमरीकी डॉलर है। फोर्ब्स ने कहा कि किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक 724 अरबपति अमेरिका में हैं। इसके बाद 698 अरबपतियों के साथ चीन है और भारत 140 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद जर्मनी और रूस का स्थान है।