By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 11, 2026
एयर कार्गो फोरम इंडिया (एसीएफआई) अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में अपना सातवां वैश्विक सम्मेलन आयोजित करेगा, जिसमें हवाई मालवहन एवं लॉजिस्टिक क्षेत्र से जुड़े 700 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। एसीएफआई ने एक बयान में कहा कि 12-13 अगस्त को होने वाले सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, आपूर्ति शृंखलाओं की मजबूती और बदलते लॉजिस्टिक्स परिदृश्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
एसीएफआई देश के हवाई मालवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख उद्योग संगठन है और इस सम्मेलन को क्षेत्र के हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। एसीएफआई के अध्यक्ष और जीएमआर समूह के मालवहन एवं लॉजिस्टिक खंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजीव एडवर्ड ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं अब केवल कम लागत और त्वरित आपूर्ति तक सीमित नहीं रह गई हैं।
इनमें मजबूती, विश्वसनीयता और डिजिटल संपर्क भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास तेजी से विकसित हो रहे हवाईअड्डा बुनियादी ढांचे, बढ़ते विनिर्माण क्षेत्र और सरकार की नीतिगत पहलों के कारण वैश्विक लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में उभरने का बड़ा अवसर है।