Prabhasakshi NewsRoom: Ukraine में भारत ने चलाया था ऑपरेशन गंगा लेकिन Sudan में शुरू किया ऑपरेशन कावेरी...चक्कर क्या है?

By नीरज कुमार दुबे | Apr 25, 2023

भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ‘‘ऑपरेशन कावेरी’’ शुरू किया है जिसके तहत अब तक कई भारतीयों को सुरक्षित निकाल भी लिया गया है। सूडान से तिरंगे के साथ लौट रहे भारतीयों के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही है और इसी के साथ दुनिया भर में रह रहे भारतीयों के मन में यह विश्वास और प्रबल हुआ है कि वह जहां कहीं भी हों, यदि कभी कोई मुश्किल आई तो भारत तत्काल मदद के लिए पहुँचेगा। सूडान में हिंसक संघर्ष के बीच फंसे अपने लोगों को निकालने के लिए भारत ने जिस तरह सूडान में प्रभावी उपस्थिति रखने वाले देशों से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव तक की मदद ली वह काबिलेतारीफ भी है और हर भारतीय की जान के प्रति भारत सरकार की चिंता को भी दर्शाता है। हम आपको यह भी बता दें कि भारत इससे पूर्व युद्ध और गृहयुद्ध जैसे हालात के बीच यमन, अफगानिस्तान, सीरिया और यूक्रेन से भी भारतीयों की सुरक्षित वापसी करा चुका है।

इसे भी पढ़ें: अगर आप मंगल ग्रह पर भी फंसे होंगे तो भारत आपको बचा लेगा! हम ले आए सूडान से अपने नागरिक निकाल के, देखती रह गई दुनिया

हम आपको यह भी बता दें कि विदेश मंत्री जयशंकर ने हिंसाग्रस्त सूडान की स्थिति पर हाल ही में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रियों के साथ चर्चा की थी। इसके अलावा भारत अमेरिका, मिस्र, संयुक्त राष्ट्र सहित कई देशों के सम्पर्क में है ताकि सभी भारतीयों की सूडान से निकासी हो सके।

इस बीच, फ्रांस ने हिंसाग्रस्त सूडान से निकासी अभियान के तहत पांच भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के नागरिकों को बाहर निकाला है। नयी दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास ने कहा है कि भारत सहित 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला गया है। रविवार को सऊदी अरब ने भी कहा था कि उसने घनिष्ठ संबंध रखने वाले देशों और मित्र राष्ट्रों के 66 नागरिकों को सूडान से सुरक्षित रूप से निकाला है, जिनमें कुछ भारतीय भी शामिल हैं।

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार ने हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया है और इसकी निगरानी केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन करेंगे। कोच्चि में ‘युवम’ सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि केरल के बेटे मुरलीधरन फंसे हुए लोगों को वापस लाने के अभियान की निगरानी करेंगे।

बहरहाल, जहां तक ऑपरेशन कावेरी की बात है तो आपको बता दें कि यह नाम कर्नाटक विधानसभा चुनावों को देखते हुए भी रखा गया है। सूडान में फंसे भारतीयों में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के लोग काफी संख्या में हैं। कर्नाटक में बहने वाली कावेरी नदी का पानी भी इन तीनों राज्यों को मिलता है। हम आपको यह भी बता दें कि पिछले साल जब यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा शुरू किया गया था उस समय उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव चल रहे थे। यहां यह भी ध्यान रखे जाने की जरूरत है कि गंगा उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदी है।

प्रमुख खबरें

Wimbledon में फिर गरजेगीं Serena Williams, Wild Card से 4 साल बाद Grand Slam में Comeback.

Lamine Yamal और Oyarzabal का डबल धमाल, World Cup में स्पेन ने सऊदी अरब को चटाई धूल

FIFA World Cup में बड़े उलटफेर का दिन, Iran ने Belgium को रोका; Cape Verde ने Uruguay को चौंकाया

Muharram पर शांति भंग करने वालों की खैर नहीं! Bihar के CS-DGP ने दिए कड़े निर्देश