मतगणना पर रणनीति तय करने के लिए ‘इंडिया’ की बैठक शुरू, TMC शामिल नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 01, 2024

नयी दिल्ली। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलांयस’ (इंडिया) के घटक दलों के नेताओं की बैठक शनिवार को यहां आरंभ हुई जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना से जुड़ी रणनीति को लेकर चर्चा होगी। बैठक में तृणमूल कांग्रेस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) शामिल नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर आयोजित इस बैठक में खरगे, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) के प्रमुख शरद पवार, आम आदमी पार्टी के प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कई अन्य नेता शामिल हैं। 

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने पहले ही कह दिया था कि वह इस बैठक में शामिलनहीं हो सकेंगी। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा, ‘‘मैं संभवत: नहीं जाऊं क्योंकि मेरी मां की आंख की सर्जरी हुई है।’’ यह बैठक उस दिन हो रही है जब लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के लिए वोट पड़ रहे हैं। मतगणना चार जून को होगी। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में विपक्षी नेता चुनाव नतीजों से पहले अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे और सात चरण के चुनावों में अपने प्रदर्शन का भी आकलन कर सकते हैं। 

विपक्षी गठबंधन दावा कर रहा है कि वह भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को केंद्र में सत्ता में लौटने से रोकने और अपनी खुद की सरकार बनाने में सफल रहेगा। दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने भी यह दावा किया है कि वह इन चुनावों के बाद लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाएगा। ‘इंडिया’ गठबंधन बनने के बाद इससे कुल 28 दल जुड़े थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असर रखने वाली राष्ट्रीय लोक दल जैसी कुछ पार्टियां राजग में शामिल हो गईं। 

इसे भी पढ़ें: Delhi Water Crisis : दिल्ली सरकार की याचिका पर 3 जून को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, हरियाणा द्वारा पानी रोकने पर की थी याचिका दायर

‘इंडिया’ गठबंधन की पहली बैठक पिछले साल 23 जून को पटना में हुई थी, उसके बाद 17-18 जुलाई, 2023 को बेंगलुरु में और फिर 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच मुंबई में बैठक हुई।विपक्षी गठबंधन की चौथी बैठक 19 दिसंबर को दिल्ली में हुई। इसके बाद अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में 31 मार्च को विपक्षी नेता शामिल हुए थे। तृणमूल कांग्रेस इन सभी बैठकों और जनसभाओं का हिस्सा रही है। दिल्ली में 31 मार्च की रैली में तृणमूल के नेता डेरेक ओब्रायन ने घोषणा की थी कि वे ‘इंडिया’ ब्लॉक का हिस्सा बने रहेंगे।

प्रमुख खबरें

PV Sindhu ने BWF World Championships में किया धमाकेदार आगाज, पहले राउंड में दर्ज की शानदार जीत

BSE Share Price: Jefferies ने रेटिंग घटाकर किया Underperform, शेयर में 5% की गिरावट, 2940 तक का लक्ष्य

Electronics Sector में भारी निवेश: सरकार ने 7,877 करोड़ के 31 Investment Proposals को दी मंजूरी

Prahlad Joshi ने NTA को दिया युद्ध स्तर पर Exam सुधार का आदेश, 50 कर्मचारी बर्खास्त