By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 23, 2026
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। सीतारमण ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया, गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी नहीं है।
एक सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सेवाओं के बिना कोई भी परिवार आय बढ़ने के बाद भी असुरक्षित बना रहता है। एक बीमारी सारी बचत खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे।
साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है। सीतारमण ने कहा, अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें।
विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है। विकसित भारत के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है।
अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है, लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है। वित्त मंत्री ने कहा, सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।
सीतारमण ने लिखा कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।