Cancer Surgery में अनियंत्रित Diabetes से बढ़ सकता है संक्रमण, डॉक्टरों ने दी चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 23, 2026

 विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मधुमेह नियंत्रित नहीं होने से कैंसर के मरीजों में सर्जरी के बाद संक्रमण का खतरा काफी बढ़ सकता है और घाव भरने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है। उन्होंने सुरक्षित उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सर्जरी से पहले रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित कैंसर रोगियों को सर्जरी के दौरान अतिरिक्त चिकित्सकीय सावधानी बरतने की जरूरत होती है, क्योंकि रक्त में ग्लूकोज का स्तर अनियंत्रित रहने से कई तरह की जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं और मरीज को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है।

 मुंबई के एसएसओ अस्पताल में सिर एवं गर्दन के कैंसर के सर्जन डॉ. अमित चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘रक्त में शर्करा का स्तर लगातार अधिक रहने से रक्त संचार प्रभावित हो सकता है, संक्रमण से लड़ने की शरीर की क्षमता कमजोर पड़ सकती है और क्षतिग्रस्त ऊतकों की मरम्मत की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कैंसर की सर्जरी के बाद इन कारणों से घाव से जुड़ी जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है। इनमें संक्रमण होना, ऑपरेशन के घाव भरने में देरी और कुछ मामलों में अतिरिक्त चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता पड़ना शामिल है।’’

 चक्रवर्ती ने कहा कि मरीजों को रक्त शर्करा की जांच कराने की सलाह दी जाती है। इसमें एचबीए1सी जांच भी शामिल है, जिससे यह पता लगाया जा सकता है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान मधुमेह कितना नियंत्रित रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘सर्जरी से पहले और बाद में रक्त शर्करा का उचित प्रबंधन जटिलताओं को कम करने और मरीज के स्वस्थ होने में मदद कर सकता है। हालांकि, रक्त शर्करा को पूरी तरह आदर्श स्तर पर लाने के प्रयास में कैंसर के उपचार में अनावश्यक देरी नहीं की जानी चाहिए। इस संबंध में प्रत्येक मरीज की स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय टीम को निर्णय लेना चाहिए।’’ 

मुंबई के अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल में अंतःस्रावी रोग विशेषज्ञ डॉ. भाविक सगलानी ने कहा कि मरीजों को सर्जरी से पहले अपने स्तर पर मधुमेह की दवाएं या इंसुलिन की खुराक बंद नहीं करनी चाहिए और न ही उनमें कोई बदलाव करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘उपचार करने वाली चिकित्सकीय टीम सर्जरी के आसपास की अवधि में दवाओं की खुराक में आवश्यक बदलाव, खाली पेट रहने और रक्त शर्करा की निगरानी के संबंध में निर्देश देगी।’’ सगलानी ने कहा कि सर्जरी के बाद मरीजों को कुछ चेतावनी संकेतों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। 

इनमें घाव के आसपास लालिमा या सूजन बढ़ना, असामान्य स्राव होना, बुखार आना, दर्द बढ़ना या घाव का नहीं भरना शामिल है। मुंबई के जायनोवा शाल्बी अस्पताल में चिकित्सा कैंसर रोग विशेषज्ञ एवं रक्त संबंधी कैंसर के विशेषज्ञ डॉ. दीप वोरा ने कहा कि कैंसर का उपचार शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है, विशेषकर उन मरीजों के लिए जो मधुमेह से भी पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को पूरे उपचार के दौरान रक्त शर्करा का स्तर नियंत्रित रखना चाहिए और चिकित्सकों की सलाह का पालन करना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Mandsaur Police ने 20 लाख रुपये की अफीम पकड़ी, Punjab ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार

पेश न होने पर Dhruv Rathee की मुश्किलें बढ़ीं, Saket Court ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ, पानी पीने लायक हुआ: Manjinder Singh Sirsa

गरीबी उन्मूलन के लिए Digital Economy और बाजार तक व्यापक पहुंच जरूरी: Nirmala Sitharaman