By अंकित सिंह | Mar 28, 2025
शुक्रवार को राज्यसभा में उस समय भारी हंगामा हुआ जब भाजपा सांसदों ने समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन की राजपूत राजा राणा सांगा के खिलाफ की गई टिप्पणी की निंदा की और उनसे माफी मांगने की मांग की। भाजपा सांसदों को सदन में नारेबाजी करते देखा गया और उन्होंने सपा सांसद के बयान की निंदा करते हुए कार्यवाही को 30 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राणा सांगा पर सुमन के बयान की निंदा की और इसे ‘अपमान’ करार दिया।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘चाहे शिवाजी हों, राणा सांगा हों, उनका अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।’’ राव राजेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘राजस्थान के योद्धा को लेकर जिन शब्दों का इस्तेमाल किया गया, उसकी मैं निंदा करता हूं। प्रतिपक्ष से पूछना चाहता हूं कि क्या वह इस तरह के कथन के साथ खड़ा है।’’ समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी इस विषय को लेकर कुछ कहने का प्रयास किया, हालांकि सदन में गतिरोध के बीच पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। हाल में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन ने उच्च सदन में एक चर्चा में भाग लेते हुए कहा था कि राणा सांगा ‘गद्दार’ थे, जिन्होंने बाबर को इब्राहिम लोदी को हराने के लिए आमंत्रित किया था।