IMF ने भारत को बताया Global Growth का मजबूत आधार, नीतियों और स्थिरता की सराहना की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 16, 2026

 अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के उप प्रबंध निदेशक निगेल क्लार्क ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में वैश्विक आर्थिक वृद्धि का प्रमुख आधार बना हुआ है। मजबूत आर्थिक बुनियाद और बेहतर नीतिगत ढांचा भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। क्लार्क पिछले सप्ताह भारत की यात्रा पर आए थे। इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी और उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ बैठकें कीं। 

 आईएमएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नीति-निर्माताओं के साथ उनकी बातचीत में भारत की आर्थिक स्थिति, बदलते वैश्विक माहौल और टिकाऊ एवं समावेशी वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। क्लार्क ने कहा, ‘‘भारत में वैश्विक वृद्धि की अगली लहर को गति देने की क्षमता है और आईएमएफ इस यात्रा में देश का समर्थन करने वाला एक करीबी भागीदार बना हुआ है।’’ 

उन्होंने सात से 11 सितंबर तक भारत की यात्रा के दौरान मुंबई और चेन्नई में सरकारी अधिकारियों तथा उद्योग जगत के लोगों के साथ भी बैठकें कीं। क्लार्क ने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ी अनिश्चितता और बदलते जोखिमों के बीच व्यापक आर्थिक स्थिरता और मजबूती बनाए रखना बेहद जरूरी है। आईएमएफ अधिकारी ने बहुपक्षवाद और क्षेत्र के अन्य देशों के लिए भारत सरकार के लगातार समर्थन के लिए भारत का आभार भी जताया।

प्रमुख खबरें

गाज़ा पर जंग अब म्यूजिक स्टेज तक! Ed Sheeran के US टूर से बाहर हुए Macklemore, सपोर्टिंग आर्टिस्ट्स ने भी छोड़ा शो

UPESSC PRT Recruitment: यूपी में असिस्टेंट टीचर के 12,405 पदों पर भर्ती शुरू

Asian Games से चोट के कारण बाहर हुए Varun Chakravarthy, BCCI विपराज निगम को देगी मौका!

UPI Framework में बदलाव पर सियासी घमासान, Congress ने 14 सितंबर को बताया Betrayal Day