By Prabhasakshi News Desk | Oct 08, 2024
नयी दिल्ली । केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि देश में पिछले 10 साल में हरित स्रोतों से बिजली उत्पादन 86 प्रतिशत बढ़कर 360 अरब यूनिट रहा है। इसके साथ भारत एकमात्र जी-20 देश है जिसने अपने जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले पूरा किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने जर्मनी में चल रहे ‘हैम्बर्ग सस्टेनेबिलिटी’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। जोशी ने कहा कि भारत ने 2014 के बाद से अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है।
मंत्री ने कहा कि भारत अपने बंदरगाह बुनियादी ढांचे को भी उन्नत कर रहा है। इसका मकसद हाइब्रिड मॉडल का उपयोग करके हरित शिपिंग ईंधन और जहाजों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, टिकाऊ समुद्री परिवहन की जरूरत बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। भारत सरकारी पहल, तकनीकी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से प्रेरित होकर हरित शिपिंग क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है।’’ जोशी ने भारत के महत्वाकांक्षी हरित हाइड्रोजन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए क्षेत्र की वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित भी किया।