By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 17, 2023
डबलिन। भारतीय क्रिकेट टीम तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए इस साल अगस्त में आयरलैंड का दौरा करेगी। यह जानकारी क्रिकेट आयरलैंड ने शुक्रवार को दी। क्रिकेट आयरलैंड ने कहा, ‘‘ आयरलैंड के क्रिकेट प्रशंसक दुनिया की नंबर एक टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम भारत को देखने का लुत्फ उठा सकेंगे, जब एशिया के शीर्ष खिलाड़ी इस अगस्त में तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए मालाहाइड लौटेंगे।’’
इस श्रृंखला का आयोजन 18 से 23 अगस्त तक होगा। क्रिकेट आयरलैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वार्रेन डेयूट्रोम ने कहा, ‘‘ पुरुष क्रिकेट के मामले में गर्मी का 2023 सत्र किसी जश्न की तरह होगा। प्रशंसकों के लिए यह बहुत खास होगा। हम आज पुष्टि कर सकते हैं कि भारत लगातार दूसरे साल आयरलैंड का दौरा करेगा। हमारी टीम इससे पहले मई में बांग्लादेश के खिलाफ विश्व कप सुपर लीग के तहत खेले जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला में भाग लेगी।’’ उन्होंने ने कहा, ‘‘ हम पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि हम जून में लॉर्ड्स में टेस्ट मैच और फिर सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला खेलेंगे।