IND vs NZ ODI Series से पहले थके खिलाड़ी, कप्तान Mitchell Santner ने जताई चिंता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 03, 2026

 न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि लगातार क्रिकेट खेलने के कारण भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है। भारत और न्यूजीलैंड ने इससे पहले पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेली थी, जिसमें मेजबान टीम 2-3 से हार गई थी। वनडे श्रृंखला के बाद दोनों देश दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलेंगे। वनडे श्रृंखला 2027 में होने वाली विश्व कप की तैयारी को देखते हुए और 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। 

वन डे विश्व कप में अब एक साल से भी कम समय बचा हुआ है और 34 वर्षीय सैंटनर ने कहा कि यह टूर्नामेंट न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों के लिए अंतिम टूर्नामेंट हो सकता है जिनमें वह भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकतर खिलाड़ियों की उम्र लगभग 34 या 35 के आसपास है। वनडे विश्व कप के बाद, सारा ध्यान फिर से टी20 क्रिकेट पर केंद्रित हो जाएगा। मुझे अभी तक किसी खिलाड़ी ने अपनी भावी योजना के बारे में नहीं बताया है, लेकिन ऐसा हो सकता है।’’

 सैंटनर ने कहा कि विभिन्न प्रारूप में कार्यभार प्रबंधन को देखते हुए वनडे श्रृंखला के दौरान खिलाड़ियों का रोटेशन महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इससे टीम को मजबूती मिलती है। हमने देखा है कि खिलाड़ी विश्राम करने के बाद वापसी पर अच्छा प्रदर्शन करने लगते हैं।’’

 सैंटनर ने कहा कि भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे श्रृंखला दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप (दो अक्टूबर से 21 नवंबर, 2027) की तैयारी की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम न्यूजीलैंड में अलग-अलग स्थान पर खेल रहे हैं। हम अलग-अलग परिस्थितियों में खेल रहे हैं और विश्व कप में हम ऐसा ही करेंगे। इसलिए यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।’’

प्रमुख खबरें

पीलीभीत में वोटर लिस्ट गड़बड़ी पर दो पूर्व SDM और ऑपरेटर पर BNS धारा 198 दर्ज

Haryana Assembly ने 60 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया जनप्रतिनिधि सम्मेलन

Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 36.76 फीसदी वोटिंग

Diwali पर आए मेहमानों को चाय के साथ परोसें लौकी के छिलके से बने क्रिस्पी कबाब, नोट करें रेसिपी