India vs Sri Lanka 2nd Test: Padikkal और Gill के अर्धशतक, भारत 187/3 पर मजबूत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 23, 2026

देवदत्त पडिक्कल और कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन रविवार को यहां चाय तक तीन विकेट पर 187 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पडिक्कल 63 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि गिल चाय से पहले के अंतिम ओवर में 50 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी करके भारत को पहले सत्र में लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल के विकेट गंवाने के झटकों से उबारा।

पहले टेस्ट में 167 रन की पारी खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज पडिक्कल ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और लय में आने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ कुछ आकर्षक शॉट खेले। लाहिरू कुमारा की गेंद पर लगाया गया उनका जोरदार पुल शॉट पारी के आकर्षण में से एक रहा। इसी शॉट के साथ उन्होंने 90 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।

गिल ने भी बेहद आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर उनका शॉर्ट आर्म पुल दर्शनीय रहा। वह हालांकि चाय से ठीक पहले एकाग्रता गंवा बैठे और असिथा फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को राहुल (18) और जायसवाल (45) ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़कर सतर्क शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की और इस दौरान कट शॉट खेलने से परहेज किया जो अतीत में कई बार उनके लिए परेशानी का सबब बना है। उन्होंने तेज गेंदबाज कुमारा की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए और बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव खेला।

राहुल ने भी संयमित बल्लेबाजी की और जयसूर्या की गेंद पर उनके सिर के ऊपर से छक्का लगाया। हालांकि कुमारा की गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश में राहुल ने डिकवेला को कैच थमा दिया। जायसवाल बड़ी पारी की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन फर्नांडो की अंदर आती शानदार गेंद पर बोल्ड हो गए।

जायसवाल के आउट होने के बाद कुछ देर मैदान पर तनातनी भी दिखी। गॉल में पहले टेस्ट की दूसरी पारी में डिकवेला से हुई कहासुनी को लेकर फर्नांडो ने जायसवाल को विदाई देने का इशारा किया। जायसवाल पीछे मुड़े और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई।

इस दौरान उनका हेलमेट फर्नांडो के माथे से भी छू गया। हालांकि श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने जल्द ही स्थिति को संभाल लिया। पडिक्कल और गिल ने भारत को लंच तक दो विकेट पर 88 रन तक पहुंचाया।

प्रमुख खबरें

BFI President Ajay Singh की कार्रवाई, Secretary General Pramod Kumar निलंबित

World Bank Group ने भारत में चार साल में जुटाई 36 अरब डॉलर की निजी पूंजी

केरलम विधानसभा में Power Crisis पर तकरार, नोटिस खारिज होने पर LDF का वॉकआउट

गुजरात: पाटन में Congress कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर बवाल, पुलिस आश्वासन के बाद धरना खत्म