By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2021
थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध पर बुधवार को कहा कि सेना उत्तरी सीमा पर चुनौतियों से इसलिए निपट पाई कि युद्ध जैसी परिस्थितियों का पहले से अभ्यास किया गया था।
जनरल नरवणे ने अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में यह कहा। उन्होंने कहा, “उत्तरी सीमा पर स्थिति जैसे ही बिगड़ी, हमारे सैनिक उससे निपटने के लिए तैयार थे। उन्हें अपने नेतृत्व पर पूरा भरोसा था।
वह अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ सभी चुनौतियों और दिक्कतों का सामना करने को तैयार थे।” उन्होंने कहा, “यह इसलिए हो सका क्योंकि हमने पहले से ऐसी आपात स्थिति के लिए युद्ध अभ्यास किया था।” जनरल नरवणे ने कहा कि सेना पूर्वी लद्दाख समेत पाकिस्तान और अन्य मोर्चों पर कड़ी निगरानी कर रही है।