By रेनू तिवारी | Nov 16, 2026
देश की अर्थव्यवस्था के मोर्चे से महंगाई को लेकर एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। ईंधन (Fuel) और बिजली की कीमतों में आए जबरदस्त उछाल के कारण भारत की थोक महंगाई दर (Wholesale Price Index - WPI) में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। सोमवार को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय (Ministry of Commerce and Industry) द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई दर सितंबर के 11.39 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 12.29 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, थोक मूल्य सूचकांक (WPI)—जिसका आधार वर्ष (Base Year) 2022-23 है—पिछले महीने के 112.5 से बढ़कर अक्टूबर में 113.3 के स्तर पर पहुंच गया। महंगाई में इस ताजा उछाल के पीछे मुख्य रूप से ऊर्जा क्षेत्र की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि को जिम्मेदार माना जा रहा है।
प्राथमिक वस्तुओं (प्राइमरी आर्टिकल्स) में महंगाई बढ़ी
प्राथमिक वस्तुओं में महंगाई दर 8.67 प्रतिशत से बढ़कर 9.24 प्रतिशत हो गई, जबकि विनिर्मित उत्पादों (मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स) के क्षेत्र में महंगाई दर 9.54 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सितंबर में 9.76 प्रतिशत थी।
सरकार के अनुसार, खनिज तेल, कच्चा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य वस्तुएं, बुनियादी धातुएं, रसायन और रासायनिक उत्पाद, खाद्य उत्पाद, गैर-खाद्य वस्तुएं, कपड़ा, तथा रबर और प्लास्टिक उत्पाद इस महीने थोक महंगाई दर बढ़ने के मुख्य कारक रहे।
खाद्य महंगाई में मामूली कमी आई
हालांकि, WPI खाद्य सूचकांक (WPI Food Index) के अनुसार, खाद्य महंगाई दर सितंबर के 8.66 प्रतिशत से मामूली रूप से घटकर अक्टूबर में 8.58 प्रतिशत रह गई।
PHDCCI के अध्यक्ष अनिल गुप्ता के अनुसार, अक्टूबर में थोक महंगाई दर में तेजी यह दर्शाती है कि घरेलू लागत ढांचे पर ऊर्जा और कमोडिटी (वस्तुओं) की कीमतों का प्रभाव बढ़ रहा है। गुप्ता ने कहा, "कच्चे तेल, खनिज तेलों और बिजली की कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर कड़ी नज़र रखने की ज़रूरत है, खासकर इसलिए क्योंकि इनका विनिर्माण, परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत से सीधा और अप्रत्यक्ष संबंध है। हालांकि विनिर्मित उत्पादों की महंगाई में थोड़ी कमी आई है, लेकिन इनपुट लागत का ऊंचे स्तर पर बने रहना आने वाले महीनों में उत्पादन लागत और व्यावसायिक मूल्य निर्धारण के फैसलों को प्रभावित कर सकता है।"
इस बीच, सरकार ने अगस्त के लिए अंतिम WPI (थोक मूल्य सूचकांक) महंगाई दर को 9.92 प्रतिशत पर ही बरकरार रखा है, जो इसके शुरुआती अनुमान के बराबर ही है। इसमें बताया गया है कि अगस्त के लिए अंतिम WPI सूचकांक 110.8 रहा। अक्टूबर के लिए शुरुआती WPI को 81.1 प्रतिशत की वेटेड रिस्पॉन्स दर के साथ तैयार किया गया था, जबकि अगस्त के अंतिम आंकड़ों के लिए रिस्पॉन्स दर 99.37 प्रतिशत थी।