Pali Hospital में चूहों के काटने और कुत्ते के घूमने पर चार कर्मचारियों पर गिरी गाज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

राजस्थान के पाली जिले के एक सरकारी अस्पताल के वार्ड में कुत्ता घूमने और मरीजों को चूहों द्वारा काटे जाने की शिकायतों के बाद अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अस्पताल प्रशासन ने वार्ड प्रभारी और नर्सिंग स्टाफ के एक सदस्य को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया है।

इसके अलावा एक होमगार्ड जवान और एक हेल्पर को उनकी ड्यूटी से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। यह कार्रवाई सर्जिकल वार्ड-सी में भर्ती मरीजों की शिकायतों के बाद की गई। रविवार को मरीज मोती सिंह और एक अन्य मरीज बाबू खान की पत्नी हसीना बानो ने आरोप लगाया कि रात में सोते समय चूहों ने उनके पैरों को काट लिया।

इस बीच, अस्पताल के गलियारों में एक कुत्ते के घूमने का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद सरकारी अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने बताया कि उन्होंने एक टीम के साथ सर्जिकल वार्ड-सी का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लेने के लिए मरीजों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद वार्ड प्रभारी तसनीम खातून और नर्सिंग स्टाफ के सदस्य रामकेश मीणा को वहां से हटाकर दूसरे वार्ड में तैनात कर दिया गया।

परिहार ने बताया कि लापरवाही के आरोप में एक हेल्पर और एक होमगार्ड जवान को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड के कई स्थानों पर चूहे मारने की दवा रखवाई है। रविवार देर रात तक एक टीम वार्ड की व्यवस्थाओं में सुधार करने में जुटी रही।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आर. बिश्नोई ने कहा कि परिसर में नियमित रूप से कीट नियंत्रण अभियान चलाया जाता है और वार्डों में चूहों की मौजूदगी की पुष्टि होने पर इस अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज वाले क्षेत्रों में चूहों की मौजूदगी रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है। बिश्नोई ने मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों से भी साफ-सफाई बनाए रखने और खाने-पीने की वस्तुओं को खुला नहीं छोड़ने की अपील की, क्योंकि इससे अस्पताल परिसर की ओर चूहे आकर्षित हो सकते हैं।

प्रमुख खबरें

राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता, नैतिकता और लोकतंत्र की परीक्षा

आम आदमी और उद्योगों पर महंगाई की मार! ईंधन और बिजली की कीमतों में भारी उछाल से अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29% के स्तर पर पहुंची

Iran को हराना असंभव है! अब अमेरिकी नेताओं ने भी कबूल कर लिया सच, बस एक रास्ता है...

महिलाओं के सम्मान के लिए खड़ा हुआ, तो ताकतवर लॉबी ने सजा दी..., Vivek Oberoi का छलका दर्द, करियर बर्बाद होने की सुनाई पूरी दास्तां