करो या मरो के मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 17, 2021

अहमदाबाद। तीन में से दो मैचों में उम्मीद के मुताबित प्रदर्शन करने में नाकाम रहा भारत गुरुवार को यहां चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में आलराउंड प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड की मजबूत टीम के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला बराबर करने के इरादे से उतरेगा। भारतीय टीम साथ ही चाहेगी कि अगर वह टॉस गंवाती है तो यह मैच के नतीजे में निर्णायक साबित नहीं हो। मौजूदा श्रृंखला में अब तक टॉस जीतकर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने आसान जीत दर्ज की हैं।

तीसरे मैच के बाद कोहली के बयान पर गौर करें तो हार्दिक पंड्या और वाशिंगटन सुंदर के साथ टीम में एक अन्य आलराउंडर को जगह मिल सकती है और वह पदार्पण का इंतजार कर रहे राहुल तेवतिया और अक्षर पटेल में से कोई एक हो सकता है। कोहली ने तीसरे मैच में 77 रन की धमाकेदार पारी खेलकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन मेजबान टीम के गेंदबाज विरोधी बल्लेबाजों को परेशान करने में नाकाम रहे और जोस बटलर ने तूफानी पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। भारत ने जब बाद में गेंदबाजी की तो टीम के नंबर एक स्पिनर युजवेंद्र चहल ने दोनों मुकाबलों में रन लुटाए। आलराउंडर के रूप में हार्दिक पंड्या की वापसी प्रभावी रही है लेकिन वह अब तक कोई विकेट नहीं चटका पाए हैं। चोट के बाद वापसी करते हुए पहली श्रृंखला खेल रहे भुवनेश्वर कुमार ने किफायती गेंदबाजी की है लेकिन टीम को उनसे उम्मीद है कि वह नई गेंद से नियमित विकेट चटकाएं। भारत के आफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने सबसे अधिक प्रभावित किया है जिन्होंने 6.95 प्रति ओवर की प्रभावी इकोनॉमी रेट के साथ चार विकेट चटकाए हैं। भारत के 1-2 से पिछड़ने के बावजूद अंतिम एकादश में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

इसे भी पढ़ें: पुणे क्रिकेट स्टेडियम में 'इंग्लैंड वापस जाओ’ के नारे लगाने के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार

भारत की तरह इंग्लैंड भी हर तरह के हालात में जीत दर्ज करना चाहता है और टीम पिछले मैच में जीत से उत्साहित होगी। बटलर की फॉर्म में वापसी भारत के लिए चिंता का विषय होगी क्योंकि जिस दिन यह बल्लेबाज लय में होता है तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखता है। भारत के खिलाफ दो टेस्ट में बुरी तरह नाकाम रहे जॉनी बेयरस्टॉ ने मंगलवार को मनोबल बढ़ाने वाली नाबाद 40 रन की पारी खेली। इंग्लैंड को अब दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज डेविड मलान के फॉर्म में लौटने का इंतजार है। भारत को अगर दुनिया की नंबर एक टीम को गुरुवार रात को श्रृंखला जीतने से रोकना है तो विशेष प्रयास करना होगा।

टीमें इस प्रकार हैं: भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शारदुल ठाकुर, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, राहुल तेवतिया, इशान किशन।

इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), जोस बटलर, जेसन रॉय, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, बेन स्टोक्स, मोईन अली, आदिल राशिद, रीस टॉपले, क्रिस जोर्डन, मार्क वुड, सैम कुरेन, टॉम कुरेन, सैम बिलिंग्स, जॉनी बेयरस्टॉ और जोफ्रा आर्चर। समय: मैच शाम सात बजे से शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

लगातार आशीर्वाद के लिए लोगों का आभार, प्रधानमंत्री मोदी ने उपचुनावों में BJP की जीत के लिए वोटरों का किया धन्यवाद

Kerala High Court ने दी 8 हफ्ते की मोहलत, पशु मंडियों पर निगरानी समितियां न बनने पर लग सकती है रोक

Cockroach Janta Party के पुराने प्रदर्शन में नियमों का उल्लंघन, Delhi Police ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई

लाहौर में Gurdwara Janam Asthan Guru Ramdas Ji का होगा विस्तार, 13 मरला जमीन परिसर में जुड़ेगी