Asia Cup 2022: भारत ने सुपर 4 के लिए किया क्वालीफाई, अगले मैच में जपान से भिड़ेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2022

जकार्ता। जोरदार वापसी करके अगले दौर के जिए क्वालीफाई करने वाली आत्मविश्वास से भरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को यहां एशिया कप के सुपर चार के अपने मैच में जपान से भिड़ेगी तो उसकी नजरें बेहतर प्रदर्शन करके इस टीम के खिलाफ ग्रुप चरण में मिली हार का बदला चुकता करने पर टिकी होंगी। अंतिम ग्रुप लीग मैच में इंडोनेशिया की कमजोर टीम का सामना करने के बावजूद सरदार सिंह के मार्गदर्शन में खेल रही युवा टीम की एक घंटे में 16 गोल दागने के लिए सराहना हो रही है।

भारतीय टीम सुपर चार चरण में अब बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी जहां जापान और उसके अलावा दक्षिण कोरिया और मलेशिया ने जगह बनाई है। ये सभी टीम एक दूसरे से एक बार भिड़ेंगी जिसके बाद शीर्ष दो टीम के बीच फाइनल होगा। भारत अब जापान से ग्रुप चरण में मिली हार का बदला लेना चाहेगा। टीम की राह हालांकि आसान नहीं होगी। जापान की टीम पलटवार करने में माहिर है और ग्रुप चरण में भारत के खिलाफ इसका नजारा पेश कर चुकी है। पेनल्टी कॉर्नर पर अधिक गोल करने में नाकामी भारत की चिंता का विषय बनी हुई है क्योंकि टीम के पास रूपिंदरपाल सिंह और अमित रोहिदास जैसा ड्रैगफ्लिकर नहीं है। यहां तक कि इंडोनेशिया की कमजोर टीम के खिलाफ भी भारत 20 से अधिक पेनल्टी कॉर्नर में से आधों को भी गोल में नहीं बदल सका। भारत की रक्षापंक्ति को गति पर निर्भर जापान के खिलाड़ियों को रोकने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। मिडफील्ड को भी गोल करने के अधिक मौके बनाने होंगे।

इसे भी पढ़ें: Matrubhoomi: वो खेल जो भारत में जन्में,अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले जाते हैं

इंडोनेशिया के खिलाफ पांच गोल करने वाले दिपसान टिर्की ने पेनल्टी कॉर्नर पर बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन कुल मिलाकर यह भारत का कमजोर पक्ष है क्योंकि टीम पिछले मैच में 22 पेनल्टी कॉर्नर पर नौ ही गोल कर सकी। युवा उत्तम सिंह को बेहतर फिनिशिंग करनी होगी। पवन राजभर भारत के लिए स्टार रहे हैं। उन्होंने अपनी गति की बदौलत ना सिर्फ मौके बनाए बल्कि गोल भी किए। अनुभवी एसवी सुनील ने पिछले मैच में दो गोल किए लेकिन ऐसा लगता है कि उन पर आयु का असर पड़ रहा है और उनकी गति कम हुई है। भारत को हालांकि अगर जापान को हराना है तो दोनों टीम के बीच पहले मुकाबले की तुलना में अधिक अनुशासन के साथ खेलना होगा। सुपर चार चरण के एक अन्य मैच में दक्षिण कोरिया की टीम मलेशिया से भिड़ेगी।

प्रमुख खबरें

Yogi Adityanath बोले राज्यसभा चुनाव से तय हुआ यूपी का नतीजा, 80-20 की लड़ाई फिर शुरू

Kiara Advani और Sidharth Malhotra फिर बनेंगे माता-पिता, सोशल मीडिया पर दी दूसरी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी शेयर की

Sujit Kalkal 2028 Olympics के लिए ग्राउंड गेम और डिफेंस पर बढ़ा रहे हैं ध्यान

सऊदी में पाकिस्तानी सेना की एंट्री, भड़के हूतियों ने दहला डाला पूरा देश!