By अभिनय आकाश | Apr 20, 2022
भारतीय वायुसेना ने ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया है, जिसे देखकर दुनिया हैरान हो गई है। भारत ने अपने लड़ाकू विमान से दुनिया के सबसे बेहतरीन ब्रह्मोस मिसाइल को दोबारा दाग दिया है। ये वही ब्रह्मोस मिसाइल है जिसका नाम आते ही पाकिस्तान में हलचल मच जाती है। बता दें कि भारतीय वायुसेना ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करते हुए सुखोई फाइटर जेट से ब्राह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। ये परीक्षण पूर्वी समुंद्री तट पर किया गया। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार मिसाइल अपने लक्ष्य को भेदने में सफल रही है। ब्रह्मोस मिसाइल का टारगेट भारतीय नौसेना का एक खराब जहाज था। जिस पर उनसे सीधा प्रहार किया।
ब्रह्मोस मिसाइलों के अलग-अलग वर्जन का परीक्षण समय-समय पर किया जा रहा है। भारत ने पिछले कुछ महीनों में ही ब्रह्मोस का हवा, जमीन और समुद्र से सफल परीक्षण कर लिया है। ब्रह्मोस भारत की एकलौती ऐसी मिसाइल है जिसे हवा, पानी, जमीन कहीं से भी दुश्मन पर दागा जा सकता है। बता दें कि इस क्षमता को ट्रायड कहा जाता है।