Indian Army Chief जनरल धीरज सेठ को नेपाल में मानद जनरल की उपाधि से किया गया सम्मानित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 17, 2026

(फोटो के साथ) (शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 17 अगस्त भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ को सोमवार को यहां राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने एक विशेष अलंकरण समारोह में नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान की। यह समारोह शीतल निवास में आयोजित किया गया। जनरल सेठ नेपाली सेना के जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए रविवार को नेपाल पहुंचे थे।

जनरल सेठ ने सोमवार को नेपाली सेना के मुख्यालय में जनरल सिग्देल से भी मुलाकात की। दोनों सैन्य प्रमुखों ने आपसी हित के मुद्दों तथा द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। भारतीय दूतावास ने कहा कि सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा दोनों देशों के बीच साझा मूल्यों, परस्पर विश्वास और लंबे समय से कायम सैन्य संबंधों पर आधारित विशिष्ट एवं समय की कसौटी पर खरी उतरी रक्षा साझेदारी की पुष्टि करती है।

दूतावास के अनुसार, जनरल सेठ ने भारतीय दूतावास में राजदूत श्रीवास्तव से भी मुलाकात की। दोनों ने नयी दिल्ली और काठमांडू के बीच व्यापक संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। जनरल सेठ ने सोमवार को नेपाली सेना को कुछ सैन्य और चिकित्सा उपकरण भी सौंपे।

नेपाली सेना की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने नेपाली सेना के मुख्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। नेपाली सेना ने कहा, ‘‘जनरल सेठ की यात्रा से नेपाल और भारत की सेनाओं के बीच आपसी विश्वास तथा सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रमुख खबरें

Series बराबर करने के इरादे से South Africa का मास्टरस्ट्रोक, Team Squad में बड़ा बदलाव

Rajkot में रिफाइनरी कर्मी की हत्या कर 1.53 करोड़ की लूट, नौ आरोपी गिरफ्तार

11 छात्राओं के आरोप और FIR के बाद Congress MP Bimol Akoijam को Delhi Police का समन

Bengaluru Police कमिश्नर दफ्तर पहुंचे HD Kumaraswamy, Priyank Kharge पर साधा सीधा निशाना