By अभिनय आकाश | Oct 15, 2026
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे पर तीखा हमला बोला। यह मामला पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़े एक कथित मानहानि वाले 'स्टिंग ऑपरेशन' का है। कुमारस्वामी ने राज्य सरकार को चुनौती दी कि वे जनता दल (सेक्युलर) के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बजाय, सीधे उन्हें (कुमारस्वामी को) बुलाएं और पूछताछ करें। बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर के कार्यालय पहुंचे कुमारस्वामी ने गृह मंत्री की उस चेतावनी पर सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि इस मामले में शामिल होने के संदेह वाले किसी भी व्यक्ति जिसमें वे खुद भी शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस अपनी जांच की शुरुआत उनसे करे। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी सत्ता का दुरुपयोग करके उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है, जबकि इस विवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को कथित तौर पर संरक्षण दे रही है। खड़गे पर सीधा निशाना साधते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि क्या गृह मंत्रालय तुम्हारे पिता का है? तुम्हारे पिता ने तुम्हें यह विभाग नहीं दिया है। यह तुम्हारे पिता का नहीं है। अगर तुम गृह मंत्री हो, तो गृह मंत्री की तरह काम करो। अगर हिम्मत है, तो मुझे नोटिस भेजो।
उन्होंने आरोप लगाया कि कल वे हमारे एक कर्मचारी को सुबह 6 बजे से 8:30 बजे तक अपने साथ ले गए। उन्होंने उससे न केवल कानूनी तरीके से, बल्कि गैर-कानूनी तरीके से पूछताछ की। उन्होंने उसे परेशान करने की कोशिश की, ताकि वे उससे वह सब लिखवा सकें जो गृह मंत्री और मुख्यमंत्री किसी को फंसाने के लिए लिखवाना चाहते हैं। कल उन्होंने कोशिश तो की, लेकिन नाकाम रहे। मुझे जानकारी मिली है कि उससे अपनी मनचाही बातें लिखवाने के लिए किस तरह का दबाव डाला गया।" खड़गे के इस बयान पर कि पुलिस किसी पर भी शक होने पर जांच करेगी, कुमारस्वामी ने कहा कि वे विशेष रूप से गृह मंत्री की टिप्पणियों के कारण ही कमिश्नर के कार्यालय आए हैं।