By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 06, 2021
कोलंबो। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार पदार्पण करने वाले भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार ने मंगलवार को कहा कि वह ‘शांत और एकाग्र’ रहने वाले मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से श्रीलंका दौरे पर सीखने को लेकर उत्सुक होने के साथ ‘नये सिरे से शुरूआत’ करने की कोशिश करेंगे। सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 श्रृंखला में पदार्पण पर शानदार अर्धशतक लगाया था। वह शिखर धवन की अगुवाई में श्रीलंका दौरे पर गयी भारत की दूसरे दर्जे की टीम का हिस्सा हैं। यह टीम 13 जुलाई से तीन मैचों की एकदिवसीय और इतने ही मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी।
उन्होंने कहा कि वह पहली बार द्रविड़ की देख-रेख में खेलने को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह हर किसी के लिए एक शानदार अवसर है, इस स्थिति (महामारी) के बीच यात्रा करना एक बड़ी चुनौती है। दौरे की सबसे अच्छी बात यह है कि राहुल (द्रविड़) सर आपके आसपास रहेंगे। मैंने उनके बारे में बहुत कुछ सुना हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि उनके साथ यह मेरा पहला दौरा है। मैंने कई खिलाड़ियों से बहुत कुछ अच्छा सुना है कि वह इस भूमिका में बात करते हैं तो बहुत शांत और एकाग्र होते हैं।