दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में ट्रक ने चारदीवारी में मारी टक्कर, एक लड़के की मौत

Truck rams

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक भूखंड की चारदीवारी से ट्रक के टकरा जाने के कारण 12 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक भूखंड की चारदीवारी से ट्रक के टकरा जाने के कारण 12 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार शाम उस वक्त हुई जब बच्चे या तो खेल रहे थे या चारदीवारी के पास बैठे। ट्रक की टक्कर से दीवार ढह गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया और ‘इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर’ ले जाया गया।

इसे भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा में छाया गेरुआ रंग, भाजपा विधायकों ने पहनी एक जैसी पोशाक

अस्पताल में 12 वर्षीय लड़के को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चार से 10 वर्ष की आयु के अन्य बच्चों का इलाज किया गया। घायल बच्चे रंगपुरी के सपेरा बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक चालक मुकेश मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में अलवर से पकड़ा गया।

इसे भी पढ़ें: मंगूभाई छगनभाई मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने

वाहन के मालिक को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (सार्वजनिक रास्ते पर तेज गति से वाहन चलाना) और 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़