CWG 2022: भारतीय बॉक्सरों ने लगाई गोल्ड मेडल की हैट्रिक, अनु रानी ने वूमेन्स जैवलिन थ्रो में ब्रॉन्ज जीतकर रचा इतिहास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2022

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दसवें दिन का खेल जारी है। आज 7 अगस्त को भारत के मुक्केबाजों नीतू, अमित पंघाल  और निकहत जरीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड अपने नाम किये। इसके अलावा अनु रानी ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली देश ही पहली महिला भाला फेंक खिलाड़ी बन गयीं।

विश्व चैंपियन निकहत ज़रीन ने ब्रिटेन के बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में महिलाओं के 50 किग्रा फ्लाईवेट में स्वर्ण पदक जीता। जरीन ने आयरलैंड की कार्ली मैकनॉल को हराकर अपना पहला राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीता। निकहत ज़रीन ने स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की क्योंकि युवा मुक्केबाज ने अपना दूसरा स्ट्रैंड्जा मेमोरियल बॉक्सिंग टूर्नामेंट और विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक जीतने के बाद सीजन का अपना तीसरा बड़ा स्वर्ण पदक जीता। निकहत ने इंग्लैंड की स्टबले अल्फिया सवाना को 5-0 से हराकर महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया था।

Boxing Nitu Ganghas Win Gold | भारतीय मुक्केबाज नीतू घंघास इंग्लैंड को हराकर जीता गोल्ड मेडल

भारतीय मुक्केबाज नीतू घंघास ने राष्ट्रमंडल खेलों की महिलाओं के मिनिममवेट (45-48 किग्रा) वर्ग में मेजबान इंग्लैंड की रेस्जटान डेमी जेड को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। नीतू घंघास रिंग में आ गईं और ऐसे शुरू हुईं मानो उन्हें काम खत्म करके कहीं और जाने की जल्दी हो। इंग्लैंड डेमी-जेड रेसिस्टेंस को हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता।

CWG 2022: भारतीय मुक्केबाजों का कमाल! अमित पंघाल और नीतू ने स्वर्ण पदक जीते

भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल और नीतू गंघास ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में अपने दबदबे भरा प्रदर्शन जारी रखते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किये। इन दोनों मुक्केबाजों ने अपने मुकाबलों के फाइनल में मेजबान देश इंग्लैंड के प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया। पंघाल ने इस तरह पिछले चरण के रजत पदक का रंग बेहतर किया।

कुश्ती में रवि, विनेश और नवीन को स्वर्ण, भारत को तीन कांस्य भी

अतीत की नाकामियों को भुलाकर विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक लगाई जबकि रवि दहिया और नवीन ने भी पीले तमगे अपने नाम करके कुश्ती में भारत के लिये लगातार दूसरा दिन यादगार बना दिया। भारत की झोली में पूजा गेहलोत, पूजा सिहाग और दीपक नेहरा ने कांस्य पदक भी डाले। इसके साथ ही कुश्ती में भारत के पदकों की संख्या 12 रही जिसमें छह स्वर्ण शामिल है।

पैदल चाल में रजत पदक जीतने वाली प्रियंका फैशन के मामले में किसी से कम नहीं

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता पैदल चाल खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी भगवान कृष्ण की भक्ति करने के साथ खुद को ‘फैशनेबल’ बनाये रखती हैं। शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में जब वह अपनी स्पर्धा में चुनौती पेश कर रही थी तब उनकी अंगुलियों पर विभिन्न देशों के झंडे बने हुए थे। उसके बाल ‘स्टाइलिश’ तरीके से कटे हुए है और उन्होंने अपने किट को बेहतरीन तरीके से सजाया है। प्रियंका ने कहा, ‘‘मुझे फैशनेबल कपड़े पहनना और नई चीजों का इस्तेमाल करना पसंद हैं।

CWG 2022: रोमांचक मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता, न्यूजीलैंड को शूटआउट में हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां गत चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता। भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया।

भाला फेंक एथलीट अनु रानी ने कांस्य पदक जीता, राष्ट्रमंडल पदक जीतने वाली पहली महिला भाला फेंक खिलाड़ी

अनु रानी ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली देश ही पहली महिला भाला फेंक खिलाड़ी बन गयीं। रानी ने अपने तीसरे प्रयास में 60 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

CWG 2022: भारत ने पुरुष त्रिकूद में ऐतिहासिक स्वर्ण और रजत पदक जीता

एल्डोस पॉल की अगुआई में भारत ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष त्रिकूद स्पर्धा स्पर्धा में पहले दो स्थान पर कब्जा जमाकर इतिहास रचा। पॉल के स्वर्ण पदक के अलावा केरल के उनके साथी एथलीट अब्दुल्ला अबूबाकर ने भी इस स्पर्धा का रजत पदक जीता। पॉल ने अपने तीसरे प्रयास में 17.03 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी तय की। अबूबाकर 17.02 मीटर के प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

प्रमुख खबरें

FIFA World Cup 2026 Schedule: Mexico में उद्घाटन मैच, जानें USA-Canada कब शुरू करेंगे अभियान

Delhi High Court का बड़ा फैसला, Vinesh Phogat के Asian Games Trials का रास्ता हुआ साफ।

रॉकेट नहीं, Elon Musk का Starlink बना SpaceX का कमाई इंजन, Financial Report में बड़ा खुलासा

अब Consumer को मिलेगा पूरा Fuel! केंद्र ने Petrol, CNG, Hydrogen पंपों की जांच के लिए जारी किए New Guidelines