By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 27, 2026
( हॉकी इंडिया ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के बाद जिन चार सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने की योजना बनाई है उनमें जरमनप्रीत सिंह भी शामिल हैं लेकिन इस डिफेंडर का अभी संन्यास लेने का मूड नहीं है और उनकी नज़रें 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों पर टिकी हैं। हॉकी इंडिया के सूत्रों ने इस महीने की शुरुआत में पीटीआई को बताया था कि जरमनप्रीत, मनदीप सिंह, अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में भारत के लिए अपना अंतिम टूर्नामेंट खेलेंगे। भारत ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘अफवाह’ करार दिया। हरमनप्रीत ने सोमवार को टूर्नामेंट पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह सही खबर है और हमने टीम में इस बारे में कोई चर्चा नहीं की। मुझे लगता है कि यह महज अफवाह है।’’ जारमनप्रीत ने अब तक 171 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के एक प्रमुख सदस्य थे। वह 2022 और 2026 में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।
अर्जुन पुरस्कार विजेता का मानना है कि उन्होंने एक डिफेंडर के रूप में अपने खेल में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपने रक्षात्मक कौशल को बेहतर बनाने, अच्छे अवसर पैदा करने और टीम की जीत में योगदान देने की कोशिश की है। मैं एक डिफेंडर के रूप में अपने खेल में लगातार सुधार करने की कोशिश करता रहूंगा।’’