भारतीय हॉकी टीम की World Cup में हार के बाद कोच ग्राहम रीड का बड़ा कदम, Hockey India को सौंपा इस्तीफा

By रितिका कमठान | Jan 30, 2023

नयी दिल्ली। विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड और सहयोगी स्टाफ के दो अन्य सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। हॉकी इंडिया ने मुख्य कोच के इस इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। हॉकी विश्व कप 2023 के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम चूक गई थी। इसके बाद से ही टीम की आलोचना की जा रही थी। टीम की विफलता के लिए कई दिग्गजों ने मुख्य कोच ग्राहम रीड को जिम्मेदार माना था।

गौरतलब है कि तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम ओडिशा में हुए विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी और नौवें स्थान पर रही। रीड के अलावा विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बरटन ने भी इस्तीफा दे दिया है। हॉकी इंडिया द्वारा जारी बयान के अनुसार रीड ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को विश्व कप खत्म होने के एक दिन बाद इस्तीफा सौंपा। टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर चर्चा के लिये रीड और अन्य सहयोगी स्टाफ से मुलाकात की थी। बता दें कि रीड का अनुबंध 2024 पेरिस ओलंपिक तक था मगर उन्होंने पहले ही इस्तीफा दे दिया।

रीड के अलावा क्लार्क और डेविड ने भी सोमवार को सुबह इस्तीफे दे दिया। तीनों अगले महीने नोटिस पीरियड में रहेंगे। रीड ने कहा कि अब मेरे लिये अलग होने और नये प्रबंधन को कमान सौंपने का समय है। इस टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करने में बहुत मजा आया। इस शानदार सफर के हर पल का मैने आनंद लिया। टीम को भविष्य के लिये शुभकामनायें। रीड और उनकी टीम के साथ भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीता था।

इसके अलावा टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एफआईएच प्रो लीग 2021-22 सत्र में तीसरा स्थान हासिल किया। रीड के कोच रहते भारतीय टीम ने 2019 में एफआईएच विश्व सीरिज फाइनल्स जीता था। इसके बाद भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालीफायर जीतकर तोक्यो खेलों के लिये क्वालीफाई किया। रीड ने वर्ष 2019 में भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद स्वीकार किया था। रीड समेत तीनों के इस्तीफे स्वीकार करते हुए हॉकी इंडिया अध्यक्ष टिर्की ने कहा कि ग्राहम रीड और उनकी टीम का भारत सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने हमें अच्छे नतीजे दिये। खासकर ओलंपिक खेल में। हर यात्रा में नये पड़ाव आते हैं और अब हमें भी टीम के लिये नयी सोच के साथ आगे बढना होगा।

प्रमुख खबरें

Tamil Nadu: MK Stalin सरकार को झटका, राष्ट्रपति ने VC नियुक्ति पर विधेयक लौटाया

पूर्व सरकारों ने रामनगरी को किया लहूलुहान, लेकिन सनातन से ऊपर कोई नहीं, अयोध्या में बोले सीएम योगी

AIADMK की शक्ति प्रदर्शन: जिला सचिवों संग बैठक, चुनावी रणभूमि में उतरने की तैयारी

सचिन के बेटे Arjun Tendulkar की नई पहचान: सगाई और IPL में LSG से नई शुरुआत