By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, छह नवंबर भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नित्या रमन लॉस एंजिलिस की महापौर निर्वाचित हुई हैं और इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के दूसरे बड़े शहर की पहली दक्षिण एशियाई मेयर बनकर इतिहास रच दिया है। रमन (45) लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल की सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने तीन नवंबर को हुए चुनाव में 73 वर्षीय मौजूदा मेयर करेन बैस को हराया।
इस जीत के साथ ही अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस की कमान अब भारतीय मूल के ऐसे मेयर के हाथ में है, जो डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं। रमन ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, लॉस एंजिलिस, आपकी अगली महापौर बनना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। उन हजारों लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने घर-घर जाकर प्रचार किया, संदेश भेजे, फोन किए और अपने पड़ोसियों को इस बड़े, खूबसूरत और जीवंत शहर की संभावनाओं पर भरोसा करने के लिए राजी किया, जिसे हम अपना घर कहते हैं।
रमन ने अपनी पूर्ववर्ती और लॉस एंजिलिस की पहली महिला मेयर बैस के दशकों लंबे सार्वजनिक सेवाकाल की भी सराहना की। रमन ने कहा, मैं हर दिन सिटी हॉल जाकर आपका भरोसा जीतने और इस शहर में लोगों का विश्वास फिर से कायम करने के लिए काम करूंगी। यह काम अभी से शुरू होता है, ताकि हम ऐसे घर बना सकें जिन्हें लोग खरीद या किराये पर ले सकें, बच्चों के खेलने के लिए पार्क बना सकें, ऐसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था तैयार कर सकें जो लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाए, ऐसा शहर बना सकें जो कामकाजी लोगों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षित हो और ऐसी नगर सरकार तैयार कर सकें, जो वास्तव में अपने वादों को पूरा करने में सक्षम हो।
केरलम में जन्मी रमन लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल के डिस्ट्रिक्ट-4 का प्रतिनिधित्व करती थीं। उन्होंने शहरी नियोजन का अध्ययन किया है। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है।
रमन उन कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन्होंने अमेरिका में मंगलवार को संपन्न हुए मध्यावधि चुनावों में जीत दर्ज की। इन चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट पर नियंत्रण हासिल किया। देशभर में डेमोक्रेट्स ने कई सीटों और पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ों में जीत दर्ज की।
इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के लिए मतदाताओं की ओर से एक बड़ी अस्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। दक्षिण एशियाई और भारतीय-अमेरिकी समुदायों को सामुदायिक भागीदारी, नागरिक साझेदारी और उम्मीदवारों को समर्थन देकर सशक्त बनाने वाले संगठन इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट ने लॉस एंजिलिस के मेयर पद के आम चुनाव में रमन की जीत पर उन्हें बधाई दी। संगठन ने कहा कि रमन अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर की पहली दक्षिण एशियाई अमेरिकी मेयर बनेंगी।
उसने कहा कि उनकी जीत कैलिफोर्निया में दक्षिण एशियाई अमेरिकियों की बढ़ती राजनीतिक ताकत को दर्शाती है। कैलिफोर्निया में दक्षिण एशियाई मूल के 10 लाख से अधिक लोग रहते हैं, जो देश में इस समुदाय की सबसे बड़ी आबादी है। इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट के कार्यकारी निदेशक चिंतन पटेल ने एक बयान में न्यूयॉर्क और वहां के मेयर जोहरान ममदानी का जिक्र करते हुए कहा, उनकी (रमन की) जीत के साथ दक्षिण एशियाई अमेरिकी अब अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों का नेतृत्व करेंगे।
मध्यावधि चुनावों में 55 लाख की आबादी वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने भी उल्लेखनीय राजनीतिक सफलता हासिल की। इस समुदाय के कई उम्मीदवारों ने देशभर में विभिन्न पदों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।