By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2022
न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारतीय राजनीति और भारतीय क्रिकेट टीम इस बात का सबसे समावेशी उदाहरण एवं साक्ष्य हैं कि लोकतंत्र मजबूत हुआ है और यह वास्तव में कारगर है। जयशंकर ने ‘इंडो-अमेरिकन आर्ट्स काउंसिल’ (एआईआईसी) के उपाध्यक्ष राकेश कौल के साथ बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय संसद, मंत्रिमंडल, राजनीति में काम कर रहे लोगों और क्रिकेट टीम को देखिए और ‘‘अपने आप से पूछिए, ये लोग 20 साल या 10 साल या 30 साल पहले जो थे, उससे उनकी तुलना कीजिए। हमारा राजनीतिक वर्ग कितना संकुचित था।’’
उन्होंने कहा कि वह परिचर्चाओं में सुनते-पढ़ते हैं कि दुनिया भर में लोकतंत्र की क्या स्थिति है और विभिन्न लोग अपनी पसंद के अनुसार देशों पर ठप्पा लगाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में मतदान करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मतदान करने वाली महिलाओं की संख्या में और भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जयशंकर ने कहा, ‘‘हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की प्रामाणिकता देखिए। यह ऐसा देश है, जहां चुनावों का सम्मान किया जाता है। लोग जीतते हैं, लोग हारते हैं, कोई इस प्रक्रिया को चुनौती नहीं देता।’’ उन्होंने दर्शकों के हंसी के ठहाकों के बीच कहा कि वह केवल भारत की बात कर रहे हैं और लोगों को इसका और कोई मतलब नहीं निकालना चाहिए।