कच्चे तेल में नरमी और पश्चिम एशिया संकट कम होने से रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 95.82 प्रति डॉलर पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

मुंबई, 28 जुलाई पश्चिम एशिया में संकट कम होने के संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया लगातार तीसरे सत्र में मजबूती दर्शाता बंद हुआ। यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे बढ़कर 95.82 पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली के दबाव के बीच विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले डॉलर इंडेक्स के ऊंचे स्तर पर रहने के कारण स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हमले रुकने से रुपया मजबूत हुआ। चौधरी ने कहा, ‘‘कारोबारी अमेरिका के उपभोक्ता विश्वास आंकड़े से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत के 95.35 से 96.05 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।’’ इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के सामने डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.06 प्रतिशत बढ़कर 101.47 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक कच्चा तेल मानक, ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.90 प्रतिशत टूटकर 86.68 डॉलर प्रति बैरल पर था। विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि अमेरिका और ईरान लगातार तीसरे दिन एक-दूसरे के ठिकानों पर हमला करने से बचे और मध्यस्थों ने दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर वापस लाने में प्रगति की। घरेलू शेयर बाज़ार में, सेंसेक्स 69.86 अंक या 0.09 प्रतिशत टूटकर 76,765.92 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 10.60 अंक या 0.04 प्रतिशत के नुकसान के साथ 23,985.35 अंक पर रहा।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 755.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

प्रमुख खबरें

US Open Mixed Doubles: Novak Djokovic और Aryna Sabalenka की जोड़ी मचाएगी धमाल, टेनिस प्रेमियों में भारी उत्साह

जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास रात में आवाजाही और पाकिस्तानी सिम पर प्रतिबंध 30 नवंबर तक बढ़ा

जेन जेड का भरोसा जीतने के लिए प्रधानमंत्री को कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलना होगा: प्रियंका गांधी

दिल्ली जिमखाना क्लब के अधिग्रहण को रोकने का हाईकोर्ट के पास अधिकार नहीं: केंद्र