By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 14, 2021
नयी दिल्ली। भारत के ओलंपिक में भाग लेने वाले निशानेबाज पृथकवास के दौरान जगरेब में होटल के अपने कमरों में ही अभ्यास कर रहे हैं और वे अगले सप्ताह रेंज पर उतरेंगे। भारतीय टीम 19 मई तक पृथकवास पर रहेगी। विश्व के नंबर तीन राइफल निशानेबाज पीटर गोर्सा सहित क्रोएशियाई निशानेबाजी समुदाय ने भारतीय टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय टीम 20 मई से छह जून के बीच ओसिजेक में विशेष आमंत्रित के रूप में यूरोपीय चैंपियनशिप में भाग लेगी।
कोच ने कहा, क्रोएशियाई निशानेबाजी महासंघ हमारा प्रवास सुखद बनाने के लिये अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहा है। हम इसके लिये एनआरएआई (भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ) और पीटर गोर्सा के भी आभारी हैं जो काफी मददगार रहे। ओलंपिक में भाग लेने वाले 13 भारतीय निशानेबाज, सात प्रशिक्षक, पांच फिजियो और दो वीडियो विशेषज्ञ मंगलवार को विशेष विमान से जगरेब पहुंचे थे। ओलपिक में भाग लेने वाले दो स्कीट निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा और मैराज अहमद अभी इटली में हैं।