Prabhasakshi NewsRoom: ये मौसम का जादू है...कहीं गर्मी से हाल बेहाल तो कहीं बाढ़ से लोगों का बुरा हाल

By नीरज कुमार दुबे | Jun 18, 2024

देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे लोगों का हाल बेहाल है तो वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश ने लोगों की हालत खराब कर रखी है। पिछले 45 दिनों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान के चलते गर्मी के सारे पिछले रिकॉर्ड टूट चुके हैं। मौसम के ताजा हालात की बात करें तो आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने आसमान सामान्यत: साफ रहने और लू के साथ भीषण गर्मी पड़ने तथा तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। 

इसे भी पढ़ें: ट्रेनों में भीड़ को कम करने के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया ये निर्देश

हम आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में कटरा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि जम्मू में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। झारखंड के डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 9.1 डिग्री अधिक था। इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा में पिछले कई दिनों से जारी गर्मी में कोई कमी नहीं आई है और बठिंडा में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में लू की स्थिति और प्रबल हो गई, कई स्थानों पर अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में एक से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इस बार गर्मी इतनी पड़ रही है कि पहाड़ों की ठंड भी गायब हो गयी है। जो लोग गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों पर जा रहे हैं वह वहां भी गर्मी देखकर हैरान हो जा रहे हैं।

दूसरी ओर, भारी वर्षा का सामना कर रहे असम की बात करें तो वहां बाढ़ की स्थिति सोमवार को और भी बिगड़ गई और राज्य के आठ जिलों में 1.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार बक्सा, बारपेटा, दरांग, धेमाजी, गोलपारा, करीमगंज, नागांव और नलबाड़ी जिलों में बाढ़ के कारण 1,05,700 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि करीमगंज सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां 95,300 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके बाद नागांव में लगभग 5,000 लोग प्रभावित हुए हैं और धेमाजी में 3,600 से अधिक लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं। एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में 309 गांव पानी में डूबे हुए हैं और राज्य भर में 1,005.7 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल क्षतिग्रस्त हो गया है।

इसके अलावा चेन्नई शहर में और उसके आस-पास के इलाकों में रात भर हुई तेज बारिश के कारण मंगलवार को उड़ानें प्रभावित हुईं और जगह-जगह पर पेड़ उखड़ गए। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों की आवाजाही में विलंब हो गया है। उन्होंने बताया कि दुबई, दिल्ली और पुणे से आने-जाने वाली उड़ानें भी विलंब से आ-जा रही हैं। हम आपको बता दें कि शहर में कोदंबक्कम समेत कुछ इलाकों में पेड़ उखड़ गए और नगर निगम के कर्मचारी उन्हें हटाने में जुटे हैं। वहीं, बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।

प्रमुख खबरें

Vladimir Putin का नया आदेश: Russia में निजी प्रतिष्ठानों का नियंत्रण ले सकती है सरकार

जो बोया वो ही काट रहे हैं Imran Khan, Mehbooba Mufti ने दिया बड़ा बयान

Nepal में भयावह Flash Flood: Rasuwa में गाँव बहे, PM Balen Shah ने बुलाई Emergency मीटिंग

One Nation, One Election: Congress सांसद Imran Masood ने असंभव बताकर दागा सवाल