भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से तेहरान से निकाला गया, 110 स्टूडेंट सीमा पार आर्मेनिया पहुंचे : मंत्रालय

By रेनू तिवारी | Jun 18, 2025

इजराइल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष बुधवार को और भी तेज हो गया, यह लगातार छठा दिन रहा जब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मिसाइलों से लगातार हमले कर रहे हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने यहां तक ​​दावा किया है कि उसने इजराइल पर फत्ताह-1 हाइपरसोनिक मिसाइल दागी है, जो चल रहे संघर्ष में इस मिसाइल का पहला इस्तेमाल है। बढ़ते संघर्ष को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा करते हुए अपने देश के लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इजराइल और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में मौजूद भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है और उनमें से 110 लोग सीमा पार कर आर्मेनिया में प्रवेश कर गए हैं। इसकी पूरी व्यवस्था दूतावास ने की।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी और जयराम रमेश का दिल भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में बसता है, BJP का कांग्रेस पर पलटवार

 

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय दूतावास सभी संभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समुदाय के साथ निरंतर संपर्क में है। बयान में कहा गया है, ‘‘तेहरान में भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है। इसकी व्यवस्था दूतावास ने की।’’ इसमें कहा गया कि परिवहन के हिसाब से जो लोग स्वयं इंतजाम कर सकते हैं उन्हें भी हालात को देखते हुए शहर से बाहर चले जाने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, कुछ भारतीयों को आर्मेनिया की सीमा के माध्यम से ईरान छोड़ने में मदद की गई है।

 

मंत्रालय ने कहा कि अस्थिर स्थिति को देखते हुए आगे भी परामर्श जारी किए जा सकते हैं। जम्मू कश्मीर छात्र संघ के अनुसार, उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के 110 भारतीय छात्र जिनमें से 90 कश्मीर घाटी के हैं, सुरक्षित रूप से सीमा पार कर आर्मेनिया पहुंच गए हैं। तेहरान में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भारतीय मिशन ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) को यह सलाह भी दी है कि जो अपने स्वयं के संसाधनों से तेहरान से बाहर जा सकते हैं, वे शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

 

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: Modi ने Trump से साफ शब्दों में और बुलंद आवाज में कहा- भारत ने न कभी मध्यस्थता स्वीकार की थी, न करता है और न ही कभी करेगा

 

एक अन्य बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और इजराइल में जारी घटनाक्रम के मद्देनजर मंत्रालय में सातों दिन 24घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष में इन नंबर पर संपर्क करें: +989010144557; +989128109115; +989128109109’’। इसके अतिरिक्त ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित की है, विदेश मंत्रालय ने संपर्क विवरण भी साझा किया है।

 

इस बीच, शाम को एक प्रेस वार्ता में इजराइल के राजदूत रियुवेन अजार से जब पूछा गया कि क्या उनके देश को भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए कोई अनुरोध प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, हम विदेश मंत्रालय के साथ पूरी तरह समन्वय में हैं। जहां तक भारतीय नागरिकों को निकालने के अनुरोध का सवाल है, हमने अपने परिवहन मंत्रालय के माध्यम से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। राजनयिकों और अन्य विदेशी नागरिकों के लिए, विशेष रूप से जो देश छोड़ना चाहते हैं, कुछ विकल्प उपलब्ध हैं जैसे भूमि मार्ग और समुद्री मार्ग। हम इस संबंध में समन्वय कर रहे हैं। इस सैन्य झड़प में अपने देश (इजराइल) में हुई हताहतों के बारे में पूछे जाने पर अजार ने बताया कि अब तक इजराइल में 24 लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं।

प्रमुख खबरें

US Immigration Fraud: भारतीय वकील Suraj Raj Singh पर 4 करोड़ का जुर्माना, फर्जी Asylum आवेदन का आरोप

1 अगस्त को Tamil Nadu जाएंगे Rahul Gandhi पर मुख्यमंत्री विजय से नहीं होगी मुलाकात

Ben Stokes की वापसी पर सस्पेंस बरकरार, Rob Key बोले- Ashes 2027 से पहले मुमकिन है धाकड़ ऑलराउंडर का कमबैक

Bombay High Court ने कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर जताई नाराजगी, नगर निकाय को दिए निर्देश