फलस्तीनी चरमपंथियों के रॉकेट हमले में इजराइल में भारतीय महिला की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 12, 2021

यरूशलम। गाजा से फलस्तीनी चरमपंथियों के रॉकेट हमले में इजराइल में 30 वर्षीय भारतीय महिला की मौत हो गई। केरल के इडुक्की जिले की रहने वाली सौम्या संतोष इजराइल के अशकेलॉन तटीय शहर के एक घर में एक बुजुर्ग महिला की देखभाल का काम करती थी। गाजा पट्टी की सीमा से लगे अशकेलॉन में फलस्तीनी चरमपंथियों ने हमला किया। गाजा के चरमपंथियों ने सोमवार शाम से इजराइल पर सैकड़ों रॉकेट दागे और मंगलवार रात नौ बजे तक (स्थानीय समयानुसार) हिंसा में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई। इजराइल ने गाजा पट्टी में हमास और इस्लामिक जिहाद को निशाना बनाकर सैकड़ों हवाई हमले किए हैं।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र के पुणे जिले में कोविड-19 के 7,714 नए मामले आए, 142 मौतें हुईं

कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले के दौरान ‘आयरन डोम’ बैटरी (सभी मौसम में कारगर वायु रक्षा प्रणाली, जो कम दूरी के रॉकेट बीच में रोककर नष्ट कर देती है) में तकनीकी खामी आ जाने से वह कुछ रॉकेटों को बीच में नहीं रोक पाई और इसी कारण लोग हताहत हुए। अशकेलॉन के मेयर टोमर ग्लैम ने बताया कि इलाके के करीब 25 प्रतिशत निवासियों के पास रॉकेट हमले की स्थिति में किसी सुरक्षित जगह पर जाने की सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘जब सामान्य जीवन मिनटों में आपात स्थिति बन जाए, तो सुरक्षित स्थान पर पहुंचना असंभव हो जाता है।’’ भारत में इजराइल के राजदूत रॉन माल्का ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘मैं इजराइल की ओर से सौम्या संतोष के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं, जिनकी निर्दोष लोगों पर किए गए हमास के आतंकवादी हमले में मौत हो गई।’’ केरल में सौम्या के परिवार ने बताया, जब हमला हुआ उस समय वह अपने पति संतोष से वीडियो कॉल के जरिए बात कर रही थी। संतोष के भाई साजी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरे भाई ने वीडियो कॉल के दौरान एक जोरदार आवाज सुनी और अचानक फोन कट गया। इसके बाद हमने वहां पर मलयाली मित्रों को फोन किया। तभी हमें हमले के बारे में पता चला।’’ केरल के नवनिर्वाचित विधायक मणि सी कप्पन ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि हजारों केरलवासी इजराइल में डर के माहौल में रह रहे हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों से इस संबंध में हस्तक्षेप करने की अपील की।

प्रमुख खबरें

केन्द्रीय मंत्री Jyotiraditya Scindia की पहल से बदली जर्जर स्कूल की तस्वीर, भ्रमण कर लिया जायजा

विहिप नेता Surendra Jain बोले, संसद मार्च और जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी देश के असली Gen-Z नहीं

Top 10 Breaking News 18 September 2026 | Election Commission decision on the TMC dispute | Nithari case prime accused Surendra Koli suicide | देश-विदेश से जुड़ी आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

BCCI AGM में Ajit Agarkar के भविष्य पर फैसला टला, पद पर संशय बरकरार