इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 27, 2019

मुंबई। श्रृंखला पहले ही अपने नाम करके आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत के साथ मेहमान टीम का सूपड़ा साफ करने के इरादे से उतरेगी। मिताली राज की अगुआई वाली भारतीय टीम ने पहले एकदिवसीय मैच में विश्व चैंपियन इंग्लैंड को 66 रन से हराने के बाद दूसरे मैच में सात विकेट की जीत के साथ तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना रखी है। इससे भी महत्वपूर्ण यह है कि भारत ने आईसीसी महिला चैंपियनशिप में चार अहम अंक हासिल किए हैं जिससे 2021 विश्व कप में सीधे क्वालीफाई करने की उसकी उम्मीदों को फायदा मिल सकता है। भारत के पास दो और अंक हासिल करने का मौका है और ऐसे में पूरी संभावना है कि भारत अंतिम एकादश में किसी तरह का प्रयोग नहीं करना चाहेगा। नए कोच डब्ल्यूवी रमन के मार्गदर्शन में भारत ने विजयी लय हासिल कर ली है।

इसे भी पढ़ें: भारतीयों ने तीरंदाजी चैंपियनशिप प्रतियोगिता में जीते 4 स्वर्ण पदक

इसके अलावा इंग्लैंड को दीप्ति शर्मा, पूनम यादव और एकता बिष्ट की स्पिन तिकड़ी का सामना करने में भी दिक्कत हो रही है। बायें हाथ की स्पिनर एकता ने पहले मैच में चार विकेट चटकाए थे। इंग्लैंड को उस समय बड़ा झटका लगा जब आलराउंडर सोफी एकलेस्टोन हाथ में फ्रेक्चर के कारण तीसरे एकदिवसीय और बाकी दौरे से बाहर हो गईं। मेहमान टीम प्रतिष्ठा बचाने और आईसीसी चैंपियनशिप में महत्वपूर्ण दो अंक हासिल करने की कोशिश करेगी। इसके बाद गुवाहाटी में अगले महीने तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला भी होनी है। आलराउंडर नताली स्किवर और कप्तान हीथर नाइट के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज उम्मीद के मुताबित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इंग्लैंड के पास आन्या श्रुबसोल, जार्जिया एल्विस और कैथरीन ब्रंट जैसी तेज गेंदबाज हैं जो मेजबान टीम के बल्लेबाजों को परेशान करने में सक्षम हैं। भारतीय टीम हालांकि अपनी बेहतरीन फार्म के कारण एक बार फिर प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी लेकिन इंग्लैंड की टीम मेजबान टीम को क्लीन स्वीप से रोकने में सक्षम है।

टीमें इस प्रकार हैं:

भारतीय महिला टीम: मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया, आर कल्पना, मोनिका मेशराम, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, शिखा पांडे, मानसी जोशी, पूनम राउत , हरलीन देओल।

इंग्लैंड महिला टीम: हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, सोफिया डंकले, सोफी एकलेस्टोन, जार्जिया एल्विस, एलेक्स हार्टले, एमी जोन्स, लारा मार्श, नताली स्किवर, आन्या श्रुबसोल, सारा टेलर, लारेन विनफील्ड और डैनी वाट। 

समय: मैच सुबह नौ बजे शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal