भारतीय महिला टीम बनी Under-19 T20 World Cup चैम्पियन, बधाइयों का लगा तांता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 30, 2023

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और कई अन्य नेताओं ने आईसीसी अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि युवा महिला टीम ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई। इन प्रतिभाशाली युवा लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ये चैम्पियन हमारे युवाओं, खासकर लड़कियों के लिए एक प्रेरणा हैं। इस ऐतिहासिक जीत ने भारत को गौरवान्वित किया है।।’’

प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘भारतीय टीम को विशेष जीत के लिए बधाई। उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेला है और उनकी सफलता कई उभरते हुए क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। टीम को उसके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहली बार आयोजित अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम की रविवार को तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास रचा है और देश को उन पर गर्व है।

शाह ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया। आपने पूरे टूर्नामेंट में उल्लेखनीय ऊर्जा और जुनून दिखाया है। भारत को आप पर गर्व है। आपकी जीत भारत की लाखों युवा लड़कियों के सपनों को पंख देगी।’’ केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सराहना करते हुए कहा, ‘‘आपने कर दिखाया। हमारी युवा चैम्पियन को बधाई। यह हमारे नवोदित खिलाड़ियों के करियर में कई और जीत की शुरुआत है। महिला क्रिकेट प्रेरणादायी है।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘जय हो! देश की बेटियों ने आज ऐतिहासिक आईसीसी महिला अंडर टी-20 विश्व कप जीत लिया। पूरी टीम को हार्दिक बधाई। टीम की अटूट लगन और कड़ी मेहनत से प्राप्त यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश-दुनिया की प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है।

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजीजू, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई नेताओं ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी। तेज गेंदबाज टिटास साधु के साथ स्पिनर अर्चना देवी और पार्श्वी चोपड़ा की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने पहले आईसीसी अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में रविवार को यहां इंग्लैंड को 36 गेंद बाकी रहते सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत ने इंग्लैंड की पारी को 17.1 ओवर में महज 68 रन पर समेटने के बाद 14 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर शनिवार को अपना 19वां जन्मदिन मनाने वाली कप्तान शेफाली वर्मा को शानदार तोहफा दिया।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

West एशिया संकट की आंच India तक! BMI की रिपोर्ट में चेतावनी, निवेश और GDP पर बड़ा खतरा

Jai Hind Jai Sindh: A Love Story में साथ आए महेश मांजरेकर, जया प्रदा और ज़रीना वहाब; मोशन पोस्टर जारी

Middle East युद्ध के साये में Priyanka Chopra का भावुक संदेश! उम्मीद है होलिका दहन पर बुराई पर अच्छाई की जीत होगी

ट्रैफिक कैमरों से लेकर फोन नेटवर्क तक, Israel ने कैसे बुना Supreme Leader Khamenei की हत्या का डिजिटल जाल?