By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2026
कुणाल शाह के व्हाट्सएप का वैश्विक प्रमुख बनने के साथ दुनिया की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों की अगुवाई करने वाले भारतीय मूल के कार्यकारियों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है। वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) मंच क्रेड के संस्थापक शाह, मेटा की वैश्विक लीडरशिप टीम में शामिल होकर इस बड़ी प्राद्योगिकी कंपनी के मैसेजिंग मंच को संभालेंगे। शाह के व्हाट्सएप से जुड़ने के साथ एक और नाम भारतीय परिवेश से निकलकर सिलिकॉन वैली के शीर्ष स्तर तक पहुंचने वालों की सूची में शामिल हो गया है।
ये हाल की नियुक्तियां 2023 में नील मोहन के यूट्यूब के सीईओ और रवि कुमार एस के कॉग्निजेंट के सीईओ बनने के बाद हुई हैं। शीर्ष स्तर पर पहुंचने के इस उभार की नींव सत्य नडेला और सुंदर पिचाई जैसी मशहूर हस्तियों ने रखी थी। नडेला 2014 में माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ बने। उन्हें क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई पर जोर देकर कंपनी की स्थिति को बेहतर बनाने का श्रेय दिया जाता है।
सुंदर पिचाई ने 2015 में गूगल और बाद में 2019 में इसकी मूल कंपनी अल्फाबेट की कमान संभाली। इस सूची में शांतनु नारायण जैसे लंबे समय से नेतृत्व कर रहे लोग भी शामिल हैं। उन्होंने 2007 से एडोब की अगुवाई की। आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा भी इस सूची में शामिल हैं जिन्होंने अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी में अपने 35 साल के करियर के दौरान कई बड़े बदलाव किए हैं।