T20 विश्व कप के महा मुकाबले में पाक को चित करने के लिये तैयार हैं भारतीय सितारे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 23, 2021

दुबई। क्रिकेट जगत की वर्तमान पीढ़ी के कुछ दिग्गज सितारों से सजी भारतीय टीम आईसीसी टी20 विश्व कप में रविवार को यहां होने वाले महा मुकाबले में कुछ अनजान चेहरों वाली पाकिस्तानी टीम को फिर से चारों खाने चित करने के लिये तैयार है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के किसी भी टूर्नामेंट में आकर्षण का केंद्र होता है क्योंकि दोनों देशों के बीच रिश्तों की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए उनमें बहुत कम खेल गतिविधियां होती हैं। ऐसे में जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने सामने होती हैं तो दर्शकों का उत्साह भी बुलंदियों पर होता है। अगर आईसीसी के वनडे और टी20 विश्व कप की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी 12 मैचों में जीत दर्ज की है। टी20 विश्व कप के 2007 में शुरू होने के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पांचों मैच में पराजित किया है और विराट कोहली की टीम यह विजय अभियान जारी रखने के लिये प्रतिबद्ध है।

इसे भी पढ़ें: T20 World Cup 2021: खिताब की प्रबल दावेदार है विराट सेना, स्टीव स्मिथ ने की भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ

विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह जैसे क्रिकेटर पिछले मैचों के सहारे आगे बढ़ने या किसी तरह के दबाव में आने वाले खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं। भारत की तुलना में पाकिस्तान पर अधिक दबाव होगा। शाहीन अफरीदी, रिजवान, हारिस रऊफ और बाबर जैसे खिलाड़ियों पर न सिर्फ एक विश्वस्तरीय टीम के खिलाफ विश्व कप से जुड़ा मिथक तोड़ने की जिम्मेदारी है बल्कि उन्हें पाकिस्तान को लेकर क्रिकेट जगत की धारणा भी बदलनी होगी जिसके कारण इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने हाल में अपना पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था। पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट पर अस्तित्व का संकट मंडरा रहा है और ऐसे में भारत के खिलाफ मैच उसमें कुछ जीवन भर सकता है लेकिन यह आसान नहीं होगा। भारतीय खिलाड़ी यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग में खेलकर इस टूर्नामेंट में उतर रहे हैं जबकि पाकिस्तान अपनी घरेलू श्रृंखलाएं यहां खेलता रहा है। भारतीय बल्लेबाजी का मजबूत पक्ष उसके शीर्ष क्रम के पांच बल्लेबाज रोहित, केएल राहुल, कोहली, सूर्यकुमार और ऋषभ पंत हैं। यह ऐसा बल्लेबाजी क्रम है जो अफरीदी, रऊफ, हसन, इमाद वसीम, शादाब खान के धुर्रे उड़ा सकता है। यदि हार्दिक पंड्या केवल बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं तो भारत की परेशानी छठे गेंदबाज को लेकर होगी। गेंदबाजी विभाग में बुमराह, शमी, रविंद्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती का चुना जाना तय है। भुवनेश्वर कुमार के अनुभव से उन्हें शार्दुल ठाकुर पर प्राथमिकता मिल सकती है। यदि अतिरिक्त स्पिनर रखना हो तो रविचंद्रन अश्विन को राहुल चाहर पर प्राथमिकता मिलेगी। भारतीय टीम प्रबंधन हालांकि कुछ चौंकाने वाले चयन भी कर सकता है। जहां तक पाकिस्तान की बात है तो उसका मुख्य खिलाड़ी कप्तान बाबर हैं जो तीनों प्रारूपों में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी से उचित सहयोग की दरकार रहेगी।

इसे भी पढ़ें: T20 World Cup Highlights: भारतीय खेमे की शानदार शुरुआत, 24 को होगा असल मुकाबला, पढ़िए सभी खबरें

बायें हाथ के स्पिनर इमाद का यूएई में शानदार रिकार्ड रहा है और ऐसे में वह भारतीय मध्यक्रम के लिये परेशानी खड़ी कर सकते हैं। अनुभवी शोएब मलिक और मोहम्मद हफीज भी भारत से बदला लेने के लिये बेताब होंगे। टीमें इस प्रकार हैं : भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शार्दुल ठाकुर, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, राहुल चाहर पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमां, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, हसन अली, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी, इमाद वसीम, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, आसिफ अली, हैदर अली, सरफराज अहमद, मोहम्मद वसीम, सोहैब मकसूद। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Video | नागपुर में IAF अधिकारी की पत्नी के साथ कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन का सनसनीखेज वीडियो आया सामने

FIFA World Cup 2024 में 68 साल बाद टूटा रिकॉर्ड! एक ही दिन में 4 धमाकेदार Matches हुए ड्रॉ, फैंस हैरान

NEET Re-Exam से ठीक पहले Modi सरकार ने लिया तगड़ा एक्शन, 22 June तक Telegram App को भारत में किया गया बंद

2026 FIFA World Cup फाइनल में Donald Trump की एंट्री! विजेता को ट्रॉफी देंगे