Indonesia: सोने की खदान में घुसा नदी का पानी, 29 खनिक फंसे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

इंडोनेशिया में सोने की एक अवैध खदान में एक दिन से अधिक समय पहले आई बाढ़ के बाद 29 खनिकों के फंसे होने की आशंका है। बचावकर्मी बुधवार को उनकी तलाश में जुटे रहे। पश्चिम जावा प्रांत के बोगोर जिले में खनन क्षेत्र में सोमवार को भारी बारिश के कारण सिसेरेह नदी का पानी खदान के सुरंगनुमा हिस्से में घुस गया।

उस समय खनिक सोने के कण निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। अधिकारियों ने यह पुष्टि नहीं की है कि कोई खनिक बाहर निकलने में सफल हुआ या नहीं। साथ ही, उनकी स्थिति के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।

पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस खदान की गहराई करीब 100 मीटर (330 फुट) बताई गई है। यह राजधानी जकार्ता के दक्षिण में स्थित है। बुधवार तड़के बाढ़ की सूचना मिलने के बाद बचाव दल ने अभियान शुरू किया।

पानी निकालने के लिए विशेष पंप लगाए गए और उन रास्तों को बंद करने की कोशिश की गई, जहां से जमीन के भीतर का पानी खदान में रिस रहा था। जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी की प्रमुख देसियाना कार्तिका बहारी ने एक बयान में कहा, खदान के भीतर पानी का स्तर अभी कम नहीं हुआ है और इसे निकालने में काफी समय लगने की आशंका है। उन्होंने कहा कि खदान की गहराई, अंदर जाने का संकरा रास्ता और रोशनी की सीमित व्यवस्था ऐसे कारक हैं, जिन्हें बचाव अभियान की रणनीति तय करते समय ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि बचावकर्मी सुरक्षित तरीके से काम कर सकें।

इंडोनेशिया में अनौपचारिक रूप से खनन का काम आम है। इससे हजारों लोगों को आजीविका मिलती है, लेकिन इस काम में गंभीर रूप से घायल होने या जान गंवाने का खतरा बना रहता है। भूस्खलन, बाढ़ और सुरंगों का ढहना खनिकों के सामने मौजूद कुछ प्रमुख खतरे हैं।

सोने के अयस्क के प्रसंस्करण में पारे और साइनाइड जैसे अत्यधिक जहरीले रसायनों का इस्तेमाल होता है। इस काम में लगे श्रमिक अक्सर बहुत कम या बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम करते हैं।

प्रमुख खबरें

Jharkhand Assembly में SIR पर रोक का प्रस्ताव पेश, BJP ने किया विरोध

Hyderabad में Kishan Reddy ने शुरू की नशा मुक्त भारत पदयात्रा, अभिनेता Venkatesh ने दिखाई हरी झंडी

मंदिर ट्रस्ट ने नहीं दी मंजूरी, Tamil Nadu सरकार ने दीपाथून में दीप प्रज्वलित न कर पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से मांगी माफी

Keshav Prasad Maurya का SP-Congress पर वार, बोले- UP में तीसरी बार बनेगी BJP सरकार