By अभिनय आकाश | Nov 25, 2026
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी। यह माफी 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित 'दीपाथून' (दीप स्तंभ) पर पारंपरिक दीपक न जला पाने के कारण मांगी गई। राज्य सरकार ने बताया कि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने उस टीम को ऐसा करने की अनुमति नहीं दी थी, जिसे यह काम सौंपा जाना था।
मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण द्वारा सौंपी गई एक स्टेटस रिपोर्ट में, राज्य सरकार ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच को बताया कि जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश को लागू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। इस आदेश में मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम के जरिए 'दीपाथून' (पत्थर के खंभे) पर दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, राज्य सरकार ने रिपोर्ट में बताया कि सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का पालन नहीं किया जा सका, क्योंकि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने दीपक जलाने के लिए प्रस्तावित टीम को मंजूरी नहीं दी। इसके बजाय, उन्होंने अपनी पारंपरिक प्रथा के अनुसार 'कार्तिगई महादीपम' को उसकी पारंपरिक जगह पर ही जलाने का फैसला किया। वार्षिक 'कार्तिगई दीपम' केवल तिरुप्परनकुंद्रम स्थित पारंपरिक 'उचि पिल्लयार मंडपम' में जलाया गया, न कि पहाड़ी पर मौजूद उस पत्थर के खंभे पर, जैसा कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था। 'दीपाथून' मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर स्थित एक पत्थर का खंभा है।
स्थिति रिपोर्ट में कहा गया है,मैंने सद्भावना के साथ अदालत के आदेश का पालन करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए। मेरी ओर से इस माननीय अदालत के किसी भी निर्देश की जानबूझकर अवहेलना नहीं की गई है। मैं इस माननीय अदालत के आदेशों का अत्यंत सम्मान करता हूं और इसके द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक निर्देश का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। उन्होंने कहा दीपथून पर दीप प्रज्वलित नहीं किए जाने के लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं। जिला प्रशासन ने देवस्थानम की अनुमति प्राप्त करने और दीपथून में दीप प्रज्वलित करने के लिए हर संभव प्रयास किया। हालांकि, न्यासी बोर्ड ने 24 नवंबर को पारित अपने प्रस्ताव में पारंपरिक स्थान पर प्रज्वलित करने का निर्णय लिया। मैं सभी सहायक दस्तावेजों के साथ एक अतिरिक्त स्थिति रिपोर्ट भी दाखिल करूंगा।’’ जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने दीपथून में दीप प्रज्ज्वलन को लेकर देवस्थानम की अनुमति प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया। उच्च न्यायालय ने औपचारिक दीप प्रज्ज्वलन की अनुमति देने संबंधी मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश के विरुद्ध मुख्य याचिका पर अंतिम सुनवाई अगले वर्ष जनवरी में तय की है। यदि इस मामले में कोई अवमानना याचिका दायर की जाती है, तो पीठ उस पर भी विचार कर सकती है।