Indore के गौतमपुरा में पारंपरिक Hingot युद्ध के दौरान 20 लोग झुलसे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

इंदौर, नौ नवंबर मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में दीपावली की धार्मिक परंपरा से जुड़े ‘हिंगोट’ युद्ध में सोमवार शाम 20 लोग झुलसकर घायल हो गए। स्वास्थ्य विभाग की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. विभा नागर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इंदौर से करीब 55 किलोमीटर दूर गौतमपुरा कस्बे में ‘हिंगोट’ युद्ध के दौरान 20 योद्धा झुलस गए।

उन्होंने बताया कि इनमें से छह लोगों को एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली तौर पर झुलसे 14 व्यक्तियों को मौके पर प्राथमिक उपचार देकर उनके घर भेज दिया गया। दीपावली के अगले दिन गौतमपुरा कस्बे के एक मैदान पर होने वाले पारंपरिक ‘हिंगोट’ युद्ध के गवाह बनने के लिए बड़ी तादाद में दर्शक जुटे। युद्धस्थल पर उनकी सुरक्षा के लिए ऊंची जालियां और बैरिकेड लगाए गए थे।

हालात की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर 250 से ज्यादा लोगों को तैनात किया गया था जिनमें पुलिस कर्मी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल थे। वहां पर्याप्त संख्या में दमकल की गाड़ियों और एम्बुलेंस को भी तैयार रखा गया था।

‘हिंगोट’, आंवले के आकार वाला एक जंगली फल होता है। गूदा निकालकर इस फल को खोखला कर लिया जाता है। फिर इसे सुखाकर इसमें खास तरीके से बारूद भरी जाती है।

नतीजतन आग लगाते ही यह रॉकेट जैसे पटाखे की तरह बेहद तेज गति से छूटता है और लम्बी दूरी तय करता है। पारंपरिक ‘हिंगोट’ युद्ध के दौरान गौतमपुरा के योद्धाओं के दल को तुर्रा नाम दिया जाता है, जबकि रुणजी गांव के लड़ाके कलंगी दल की अगुवाई करते हैं। दोनों दलों के योद्धा रिवायती जंग के दौरान एक-दूसरे पर जलते ‘हिंगोट’ दागते हैं।

‘हिंगोट’ युद्ध में हर साल लोग घायल होते हैं। गुजरे बरसों के दौरान इस पारंपरिक आयोजन में गंभीर रूप से झुलसने के कारण कुछ लोगों की मौत भी हो चुकी है। माना जाता है कि प्रशासन ‘हिंगोट’ युद्ध पर इसलिए पाबंदी नहीं लगा पा रहा है क्योंकि इस परंपरा से स्थानीय लोगों की धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ‘हिंगोट’ युद्ध की परंपरा इंदौर के पूर्ववर्ती होलकर राजवंश के जमाने से पिछले 300 साल से चल रही है। किंवदंती के अनुसार बारूद से भरे ‘हिंगोट’ को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की शुरुआत स्थानीय छापामार योद्धाओं ने की थी। ये लड़ाके मुगल आक्रांताओं के घुड़सवारों को तत्कालीन होलकर साम्राज्य की सीमाओं में घुसने से रोकने के लिए उन पर छिपकर ‘हिंगोट’ दागते थे।

प्रमुख खबरें

PMEGP योजना में धोखाधड़ी: ED ने श्रीनगर और बांदीपोरा में 10.63 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

IOA Elections में PT Usha को झटका, Saina Nehwal और Anju Bobby George जीतीं

रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान में मदद को तैयार भारत, PM Modi ने Zelenskyy से की बात

देहरादून में Anganwadi Workers के धरने में पहुंची Congress, मानदेय वृद्धि की मांग का किया समर्थन