पेट्रोल डीजल पर प्रतीकात्मक 5-10 रुपए कम करने से महंगाई कम नहीं होने वाली : गहलोत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 15, 2021

जयपुर|  राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल/डीजल पर प्रतीकात्मक 5-10 रुपए कम करने से महंगाई कम नहीं होने वाली है।

इसे भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और नगालैंड ने पेट्रोल-डीजल पर वैट में कटौती की

गहलोत ने कटाक्ष किया, ‘‘पेट्रोल-डीजल के दाम जो बढ़े हैं, उसमें भी केंद्र सरकार की नीति बहुत खराब रही है, रोज दाम बढ़ाते गए, बढ़ाते गए, बढ़ाते गए, 25 रुपए, 30 रुपए बढ़ा दिए और अचानक 5 रुपए कम कर दिए, 10 रुपए कम कर दिए।’’

उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल डीजल की कीमतें फिर से बढने लगेंगी। राजस्थान में पेट्रोल/डीजल पर वैट कम करने के बारे में गहलोत ने कहा कि परसों होने वाले राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस पर निर्णय किया जायेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में पेट्रोल/डीजल पर वेट कम करने के लिये परसों हम मंत्रिमंडल की बैठक बुला रहे हैं, मंत्रिमंडल में और मंत्रिपरिषद की बैठक में हम विचार-विमर्श करेंगे, जो भी संभव होगा, हम फैसला करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अन्य प्रदेशों की सरकारों ने अलग-अलग वैट कम किए हैं, अब राज्यों की बीच कीमतों में असंतुलन हो गया है। हमारे पड़ोसी राज्यों में और हमारे में बहुत बड़ा फर्क हो गया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल/डीजल का वैट कम करने के लिये उन्होंने प्रधानमंत्रीऔर गृहमंत्री को पत्र लिख कर आग्रह किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘केन्द्र अपना शुल्क कम करे, हमारी कीमत अपने-आप कम हो जाएगी। इससे देश में कीमतों में एकरूपता रहेगी, वरना राज्य सरकारें अलग-अलग प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। कोई 2 रुपए कम कर रही है, तो कोई पांच और सात रुपये।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि आप देश से वादा करो हम भविष्य में इस प्रकार से कीमत नहीं बढ़ाएंगे, तब जाकर महंगाई कम होना शुरू होगा। महंगाई का इश्यू (मुद्दा) बहुत बड़ा इश्यू है देश के अंदर, हर घर प्रभावित है, मध्यम वर्ग का हो, गरीब हो, जीना दूभर हो गया है, महिलाएं बहुत दुःखी हैं, रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।’’

इसे भी पढ़ें: सीतारमण ने परिवहन, पेट्रोलियम, इस्पात मंत्रालयों के पूंजी व्यय की समीक्षा की

गहलोत रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।

प्रमुख खबरें

Captain Harmanpreet का शानदार प्रदर्शन: FIH World Cup में भारत ने Wales को 3-1 से हराकर की विजयी शुरुआत

Delhi-Dhaka तनाव के बीच Bangladesh PM Tarique Rahman का होगा पहला भारत दौरा, बड़े फैसले संभव

Mahua Moitra का आरोप, देर रात सर्किट हाउस से बेदखली लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला, Lok Sabha Speaker को लिखा पत्र

80वें Independence Day पर Attari-Wagah में भव्य Beating Retreat, देशभक्ति का प्रदर्शन, दिखा BSF का शौर्य