Nepal Floods के बाद Infosys अधिकारी Lax Gopisetty लापता, संपर्क की कोशिशें जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 29, 2026

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस ने शुक्रवार को कहा कि नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद से उसकी अनुषंगी कंपनी ‘इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज’ के प्रमुख लैक्स गोपीसेट्टी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इंफोसिस की अनुषंगी कंपनी इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज मुख्य रूप से अमेरिका और कनाडा के सार्वजनिक क्षेत्र पर केंद्रित है। कंपनी का मुख्यालय बेंगलुरु में है।

कंपनी ने कहा, ‘‘हमारी संवेदनाएं लैक्स और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’’ इंफोसिस ने कहा कि नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और इसमें लोगों की मौत से वह बेहद दुखी है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि नेपाल-तिब्बत सीमा पर अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद से कम से कम 320 भारतीय अब भी लापता हैं और 400 अन्य चीन की ओर फंसे हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत हालात से निपटने में काठमांडू को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि चीन की ओर फंसे 153 भारतीय नागरिक सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों से बृहस्पतिवार को काठमांडू पहुंचे 21 भारतीय शुक्रवार दोपहर नयी दिल्ली पहुंच गए। इंफोसिस की वेबसाइट पर उपलब्ध गोपीसेट्टी के परिचय के अनुसार, वह सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों को रणनीति, प्रौद्योगिकी, संचालन और बदलाव से जुड़े मामलों में सलाह देते हैं तथा कंपनी की रणनीति और उसके क्रियान्वयन की देखरेख करते हैं।

गोपीसेट्टी इससे पहले इंफोसिस में ‘ग्लोबल वाइस प्रेजीडेंट’ और बिजनेस एप्लीकेशंस एवं डिजिटल वर्कस्पेस सर्विस के प्रमुख थे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका, यूरोप और एशिया में इस कारोबार का विस्तार किया। इंफोसिस से जुड़ने से पहले गोपीसेट्टी एक्सेंचर में प्रबंध निदेशक थे जहां उन्होंने उत्तरी अमेरिका में स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक सेवा कारोबार के एक हिस्से का नेतृत्व किया।

प्रमुख खबरें

Jammu Kashmir के भारत में विलय से जुड़ा है 26 October का इतिहास

US Dollar के मुकाबले पांच पैसे गिरकर 94.98 पर खुला Rupee

Jamia University में छात्र संघ चुनाव का रास्ता साफ, संविधान मंजूरी के 15 दिन में मतदान

वैश्विक दबाव में Sensex 536 अंक लुढ़का, Nifty 22402 पर खुला