By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 26, 2023
नयी दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के शीर्ष क्रम बल्लेबाज रजत पाटीदार का एड़ी की चोट के कारण आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चरण के शुरूआत (पहले हाफ) में खेलना संदिग्ध है। रिपोर्ट के अनुसार 29 वर्षीय पाटीदार इस समय बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में ‘रिहैबिलिटेशन’ की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। वहीं आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर भी ‘गंभीर संदेह’ बना हुआ है क्योंकि वह ‘एचिलस टेंडनाइटिस’ से उबर रहे हैं।
पाटीदार को पिछले साल नीलामी में नहीं चुना गया था लेकिन वह सत्र के बीच में विकेटकीपर लवनीत सिसोदिया के चोटिल होने के कारण उनकी जगह टीम में आये थे। इसके बाद पाटीदार ने एलिमिनेटर में टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज शतक जड़ा था। वह आरसीबी के लिये डुप्लेसिस और विराट कोहली के बाद तीसरे सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी भी रहे थे।