इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला बनाएंगे तीसरा मोर्चा, नीतीश कुमार से करेंगे मुलाकात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 27, 2021

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने मंगलवार को कहा कि वह राष्ट्रीय स्तर पर ‘‘तीसरा मोर्चा’’ बनाने के लिए विपक्षी नेताओं से जल्द संपर्क करेंगे। उन्होंने भाजपा के सहयोगी एवं बिहारी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भोजन पर मुलाकात की योजना का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में ‘‘जनविरोधी’’ और ‘‘किसान विरोधी’’ सरकार से छुटकारा पाना ही सबसे बड़ी जरूरत है। चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को उनके पिता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल की जयंती से पहले वह विपक्षी नेताओं से मिलने की कोशिश करेंगे और उनसे एक मंच पर साथ आने का अनुरोध करेंगे। 

यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मिलेंगे, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि यह विषय आज का मुद्दा नहीं है। लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुझे फोन किया था।’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘एक अगस्त को मेरे घर पर वह (नीतीश) भोजन पर आएंगे। जब दो नेता एक साथ बैठेंगे तो जाहिर तौर पर राजनीतिक मुद्दों पर ही चर्चा होगी।’’ इनेलो सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार ने हाल में चौटाला से फोन पर बात की थी और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने केसी त्यागी ने भी चौटाला के गुरुग्राम स्थित घर पर उनसे भेंट की थी और इसी बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने फोन पर चौटाला से बात की थी। 

इसे भी पढ़ें: राज्यसभा में नहीं थमा गतिरोध, विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित 

सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार अगले महीने चौटाला के गुरुग्राम स्थित घर आएंगे। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममत बनर्जी के बारे में पूछे जाने पर चौटाला ने कहा कि ममता के साथ उनके ‘‘अच्छे पारिवारिक संबंध’’ हैं। बनर्जी वर्तमान में दिल्ली में हैं और उन्होंने विपक्षी नेताओं से मुलाकात भी की। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिलने वाली हैं। चौटाला (86) ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र की सरकार का लक्ष्य बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना है।

चौटाला ने मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य का कर्ज बढ़ रहा है और सरकार को अब अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। एलेनाबाद उपचुनाव पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘इनेलो उम्मीदवार की भारी अंतर से जीत होगी। पार्टी इसकी घोषणा उचित समय पर करेगी।’’ सिरसा जिले की एलेनाबाद सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले चौटाला के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला ने कृषि कानूनों के मुद्दे पर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और कानूनों का विरोध करने वाले किसानों के समर्थन में खुलकर सामने आए। चुनाव आयोग ने अभी इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की है।

प्रमुख खबरें

JioTag 2 Launch: अब iPhone और Android दोनों पर चलेगा रिलायंस का नया Smart Tracker, जानें क्या हैं फीचर्स

Hardik Pandya और Mahieka Sharma की तिरुमला यात्रा, Wedding Rumours के बीच लिया भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद

Jasprit Bumrah की Knee Injury ने बढ़ाई Team India की टेंशन, Sri Lanka के खिलाफ गेंदबाजी आक्रमण पड़ेगा कमजोर

FDI proposals: भारत ने 2025-26 में चीन के एक और हांगकांग के 13 प्रस्तावों को दी मंजूरी