Insecticides India अगले दो वर्षों में राजस्थान, गुजरात में क्षमता विस्तार पर 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 13, 2023

नयी दिल्ली। इंसेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड (आईआईएल) के प्रबंध निदेशक राजेश अग्रवाल ने रविवार को कहा कि कंपनी अगले दो वर्षों में राजस्थान और गुजरात में क्षमता विस्तार पर 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी नवरात्रि से पहले नए खरपतवार नाशक और कीटनाशक उत्पाद भी पेश करेगी। अग्रवाल ने पीटीआई-से कहा कि कंपनी अगले दो वर्षों में राजस्थान के बहरोड़ जिले के सोतानाला में एक नया संयंत्र स्थापित करने के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। उन्होंने बताया, हमने पिछले सप्ताह बहरोड़ जिले के सोतानाला में 15 एकड़ का एक भूखंड हासिल किया। वहां हम कृषि-रसायन बनाने की योजना बना रहे हैं। हम अगले दो वर्षों में यहां लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस संयंत्र का काम साल के अंत तक शुरू हो सकता है और यह राजस्थान में कंपनी का दूसरा संयंत्र होगा। अग्रवाल ने आगे कहा कि कंपनी अगले वित्त वर्ष में गुजरात के दहेज में स्थित अपने एसईजेड संयंत्र के विस्तार के लिए 25 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा चोपानकी संयंत्र में 25 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, कुल मिलाकर, हम अगले दो वर्षों में 150 करोड़ रुपये निवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह निवेश आंतरिक स्रोतों और छोटी राशि के ऋण से होगा।

प्रमुख खबरें

UP STF ने Lucknow में दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश Pratap Gosain

Odisha Assembly में सीएम Mohan Charan Majhi ने 24,150 करोड़ का अनुपूरक बजट रखा

Punjab में Congress ने बनाई 42 सदस्यीय चुनाव समिति, Pargat Singh बने अध्यक्ष

Rishikesh के पास 100 करोड़ की लागत से बनेगा Shivalik Eco Park, दो चरणों में होगा काम